अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। ग्रुप डी के लिए भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू होगी। इसके लिए जिले में 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं दो सत्रों में होंगी। सुबह के सत्र में 10.30 से 12 बजे तक और सायं के सत्र में 3 से 4.30 बजे तक होगी। पहले दिन दोनों सत्रों में 28 हजार आवेदक परीक्षा देंगे। परीक्षा रविवार और 17 व 18 नवंबर को भी कराई जाएंगी।
परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार को भी अधिकारी व संबंधित कर्मचारी दिन भर तैयारियों में जुटे रहे। 46 परीक्षा केंद्र कुरुक्षेत्र और पांच शाहाबाद में बनाए गए हैं। डीसी ने परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश परीक्षा के दौरान सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक जारी रहेंगे। इस समयावधि के दौरान किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परीधि में हथियार, मोबाइल फोन, वाई-फाई यंत्र ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट मशीनें भी बंद रखी जाएंगी। आदेशों की अवहेलना करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट किए गए हैं नियुक्त
परीक्षा को नकल रहित व शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए 13 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इनमें तहसीलदार थानेसर, नायब तहसीलदार पिहोवा, बीडीपीओ पिहोवा, नायब तहसीलदार लेखा थानेसर, तहसीलदार लाडवा, नायब तहसीलदार इस्माईलाबाद, बीडीपीओ इस्माईलाबाद, नायब तहसीलदार लाडवा, नायब तहसीलदार थानेसर, बीडीपीओ थानेसर, बीडीपीओ पिपली, नायब तहसीलदार बाबैन, तहसीलदार शाहाबाद को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
परीक्षा के लिए किए गए पुख्ता प्रबंध : एसडीएम
चारों दिन परीक्षा के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा बिना नकल एवं सुरक्षित तौर पर कराने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट पूरी निगरानी रखेंगे। हर केंद्र पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पूरी छानबीन के बाद ही परीक्षार्थी को केंद्र में जाने दिया जाएगा।
- अनिल यादव, एसडीएम एवं नोडल अधिकारी।