लाडवा। रादौर मार्ग पर गांव बड़शामी के पास पुलिस की टीम को देखकर एक कार में सवार कुछ लोग गाड़ी छोड़ फरार हो गए। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। लाडवा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिह ने बताया कि बुधवार रात्रि को अपराध शाखा-1 की टीम लाडवा क्षेत्र में गश्त पर थी। लाडवा-रादौर मार्ग पर गांव बड़शामी के पास रात्रि करीब दो बजे नाका लगाया हुआ था। उसी दौरान लाडवा की तरफ से आ रही एक कार पुलिस को देखकर चालक मोड़ने लगे तो सड़क किनारे पड़ी मिट्टी में धंस गई। शक के आधार पर कार के पास पहुंचे तो उसमें सवार युवक कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। तलाशी में पुलिस को भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। आरसी से पता चला है कि कार संजीव शर्मा पुत्र सोहन लाल राम नगर कालोनी गुलाब नगर चौक जगाधरी के नाम है। पुलिस ने कार और उसमें बरामद गांजा को कब्जे में ले लिया। पोलीथिन सहित गांजा का वजन करीब 5 किलोग्राम हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी है।