सोमवार को नगर परिषद थानेसर के हाऊस की बैठक में 43 मुद्दों पर सहमति बनी है, इसके तहत 31 वार्डों में विकास कार्यों पर करीब 25 करोड़ रुपए किए जाएंगे। इन विकास कार्यों को वार्ड अनुसार पूरा करने के लिए प्रत्येक पार्षद से विकास कार्यों की सूची मांगी गई है। नप अध्यक्ष उमा सुधा ने सोमवार को बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में सबसे पहले विधायक के बड़े भाई रमेश सुधा एवं मृतक अधिकारियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धाजंलि दी गई।
बैठक में वार्ड तीन पार्षद पति नरेंद्र निंदी ने कहा कि उनके वार्ड में सड़के व नालियों के काम अधूरे पड़े हुए हैं। वार्ड में चारों ओर गंदगी पड़ी है। इनको जल्द पूरा कराया जाना चाहिए ताकि परेशानी न हो। जिस पर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि वार्ड से करोड़ों रुपये का ऐलिवेटिड ट्रैक बनने जा रहा है। इस पर पार्षद ने कहा कि ऐलिवेटिड ट्रैक से उनके वार्ड की समस्याएं दूर नहीं होगी।
गबन का आरोप लगाया
वार्ड 9 की पार्षद सुदेश चौधरी ने गैस कट के नाम पर 38 लाख रुपये का गबन करने का आरोप लगाया। इस पर नप अधिकारियों ने बताया कि इस पर अभी काम चल रहा है तथा टेस्टिंग की जा रही है। इस मामले को एजेंडे के अंदर भी रखा जाएगा। वार्ड 10 के पार्षद पुत्र योगेश शर्मा ने आरोप लगाए कि उनके वार्ड के डेरा रामपुरा व डेरा बाजीगर के सड़कों के दो साल पहले टेंडर हुए थे, लेकिन अभी काम नहीं शुरू किया गया है।
वार्ड 26 के पार्षद ने लगाए भेदभाव के आरोप
वार्ड 26 की पार्षद नवनीत टेका के पति एवं वार्ड नंबर 27 से पार्षद संदीप टेका विकास कार्यो में भेदभाव के आरोप लगाते कहा कि उनके वार्डों में कोई भी कार्य नहीं हुआ। इस पर नप अधिकारियों ने उनके वार्ड में 26 विकास कार्य कराने का दावा किया। तब पार्षद ने कहा कि अगर उनकी बात झूठ निकली तो वह तुरंत इस्तीफा देंगे।
ये प्रस्ताव हुए पारित
उमा सुधा ने कहा कि नप हाउस की बैठक में कोविड के दौरान कार्यरत कर्मचारियों को सम्मानित करने, पिछली बैठक की कार्रवाई पर मोहर लगाने, सामुदायिक केन्द्र के लिए किराया निर्धारित करने और ई-टेंडरिंग से वार्षिक आधार पर किराए पर देने, मथाना व बारना गऊशाला में क्रमश: 417 व 185 बेसहारा पशुओं को भेजने और उनका रख-रखाव करने के लिए क्रमश: 5 लाख व 2 लाख की राशि प्रदान करने, कार्यकारी अधिकारी के सरकारी आवास पर सेनेटरी वर्क पर खर्च हुए बजट, नप की सभी शाखाओं में 16 कंप्यूटर व 16 प्रिंटर को खरीदने, कर्मचारियों की मृत्यु उपरांत आश्रितों को पालिसी के अनुसार नौकरी देने, आउटसोर्सिंग पालिसी के तहत कर्मचारियों की अवधि बढ़ाने, सेवानिवृत कर्मचारियों को डीसी रेट पर रखने, अतिरिक्त विकास शुल्क के मद में ज्यादा राशि को वापिस करने बारे, हाउस टेक्स शाखा में फर्नीचर खरीदने बारे, कुछ कर्मचारियों को बच्चों की शादी के लिए अग्रिम ऋण देने बारे, टिप्पर, ट्रैक्टर-ट्राली, जेसीबी व अन्य संसाधनों की रिपेयर व समान खरीदने बारे, कर्मचारियों की एलटीसी देने बारे, नप कार्यालय की रिपेयर करवाने बारे, घरों से गीला व सुखा कचरा एकत्रित करवाने वाली एजेंसियों का भुगतान करने बारे, बेसहारा पशुओं को गऊशाला तक पहुंचाने के लिए भुगतान करने बारे, डंपिंग प्वाइंट पर आवश्यकता के मध्यनजर एक पॉकलैन मशीन जैम पोर्टल पर टेंडर लगाकर खरीदने बारे, स्वच्छता सर्वेक्षण के मध्यनजर आमजन को जागरूक करने के लिए होर्डिंग्स व बैनर लगवाने बारे तथा सामग्री खरीदने बारे, नप कार्यालय में सरल केन्द्र शुरूहोने तक सीएससी के तहत कार्य करवाने बारे, स्वच्छता सर्वेक्षण के मध्यनजर नगर परिषद थानेसर एरिया सफाई व्यवस्था करवाने के लिए कुछ नए संसाधन खरीदने बारे, नगर परिषद की सभी सम्पतियों का निर्धारित पोलिसी अनुसार कलैक्टर रेट पर किराए पर देने बारे तथा सैमसन पेपर मिल पिहोवा द्वारा सैक्टर 7 व 10 डिवाइडिंग रोड़ पर सीनियर सीटिजन के लिए लगाए बैंच के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा दो क्रिमीनेशन वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। वहीं विधायक के भाई स्वर्गीय रमेश सुधा के नाम पर सैक्टर 7 व 5 की डिवाइडिंग रोड का नाम रखने की भी सहमति बनी है।