कुरुक्षेत्र। पुलिस विभाग की ओर से ऑपरेशन आक्रमण चलाया गया, जिसमें 24 टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 27 आरोपियों को पकड़ा। नशे को जड़ से ख़त्म करने के लिए जिला के अलग-अलग एरिया में अपराध तलाश के लिए टीमें उतारी गई। इस अभियान के दौरान पुलिस टीम की पैनी नजर पीओ, बैल जम्पर, मोस्ट वांटेड अपराधी, अवैध असला रखने वालों व नशीले पदार्थों के धंधे में संलिप्त अपराधियों पर रही और 27 मामले दर्ज करते हुए इतने ही आरोपी पकड़े गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अलग-अलग थाना में आबकारी अधिनियम के तहत 20 मामले दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया व उनके कब्जे से करीब 213 बोतल शराब व तीन लीटर लाहन बरामद किया। जुआ अधिनियम के तहत चार मामले दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 3500 रुपये बरामद किये गये। एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज दो आरोपियों से 400 ग्राम अफीम व तीन किलो 300 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला में एक आरोपी को काबू करके एक देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान पीओ तथा बेल जम्पर तथा मोस्ट वांटेड अपराधियों को भी काबू किया गया। जिला पुलिस ने एक पीओ/बेल जम्पर तथा हत्या मामले के एक आरोपी को काबू किया।