कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विभिन्न कोर्सेज में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। इसको लेकर शनिवार को एमए हिंदी, बी लिब, एमटीटीएम व एचएमसीटी विषय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई जो सफलतापूर्वक संपन्न हुई। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी व परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कॉमर्स विभाग में आयोजित एमए हिंदी विषय में दाखिले के लिए 97 अभ्यर्थियों तथा आर्ट्स फैकल्टी ब्लॉक एक में आयोजित बी लिब साइंस विषय के लिए 92 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी। आर्ट्स फैकल्टी ब्लॉक दो में एमटीटीएम व एचएमसीटी विषय के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में 55 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। एमए दर्शनशास्त्र विषय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आठ जुलाई को दोपहर 12 बजे व एमए वुमन स्टडीज के लिए नौ जुलाई को सुबह 10 बजे आयोजित होगी।