शादी से लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत
- एक अन्य सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर, रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पीजीआई रेफर कर दिया गया है । वहीं, हादसे में मरने वाले युवक का शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार जोगनाखेड़ा निवासी राजकुमार पुत्र ईश्वरचंद रिश्तेदारी में विवाह समारोह में शामिल होकर मोटर साइकिल से देर रात घर लौट रहा था। रास्ते में ज्योतिसर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वो गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के मुताबिक राजकुमार की जल्द ही सगाई हुई हुई थी। दो माह बाद उसकी शादी होने वाली थी। अचानक हादसे से घर में मातम छा गया। जांच अधिकारी महिलापाल ने बताया कि आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है। वहीं पिपली के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल ही एलएनजेपी सिविल अस्पताल ले जाया गया , जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं को लेकर मामला दर्ज कर लिया है।