फोटो नंबर - 45
बेसहारा गोवंश को किसानों ने बांधा एसडीएम कार्यालय के सामने
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। शहर में बेसहारा गोवंश के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने से नाराज भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन मोर्चा खोला। उन्होंने बुधवार को किसान विश्राम गृह में बैठक करने के बाद एसडीएम कार्यालय के सामने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। यूनियन से जुड़े लोगों ने सड़क पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को पकड़ एसडीएम कार्यालय के सामने बांध दिया। कार्यालय के आगे गोवंश बांधे जाने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। नायब तहसीलदार राजेंद्र रोहिला किसानों से बात करने तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से कहा कि उनकी इस जायज समस्या को हल करने को प्रशासन प्रयासरत है। जल्द ही इस बारे में उचित प्रबंध किए जाएंगे। बता दें कि दो दिन पहले किसानों ने यहां प्रशासन को चेताया था कि शहर की हर सड़क एवं गलियों में बेसहारा घूम रहे गोवंश से निजात दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए तो इनको पकड़ अधिकारियों के कार्यालय के आगे बांध देंगे। यूनियन सदस्यों का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर समस्या बारे अवगत कराया था। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा उनके पत्र के जवाब में प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर कार्रवाई करने बारे कहा था, लेकिन उसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही। यूनियन सदस्यों के अनुसार यदि प्रशासन ने अब भी बेसहारा गोवंश से निजात दिलाने को ठोस कदम नहीं उठाए तो वे एसडीएम कार्यालय के सामने धरना देने पर मजबूर होंगे।