बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल संचालक करे पूरे इंतजाम : बीके गोयल
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
स्कूलों में मेडिकल रूम, प्राथमिक चिकित्सा, दवाइयां, स्कूल की चार दिवारी, व्यवस्थित खेल प्रांगण के साथ ही स्टाफ का समय-समय पर पुलिस वेरिफिकेशन होना चाहिए। यह निर्देश हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य बालकृष्ण गोयल ने दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के प्रांगण में बच्चों की सुरक्षा के लिए भी सभी इंतजाम होने चाहिए। उनकी सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। आयोग के सदस्य वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली गुरु उनकी मां होती हैं। बचपन से ही मां बच्चे को आग, पानी, बिजली से बचने के बारे में सिखाती हैं। इसके साथ ही सभी माताओं को अपने बच्चों को अच्छे और बुरे के बारे में बताना चाहिए। अंजान व्यक्ति से सावधानी के बारे में जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में शिक्षा विभाग के तय मापदंड पूरे होने चाहिए। पुलिस विभाग महिलाओं और बच्चों के मामले में तत्परता से कार्रवाई करे। सभी विभाग तालमेल से इन सुरक्षा नियमों का पालन कराना सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में के प्रांगण में सीसीटीवी कैमरे लगे हों और उनकी रिकार्डिंग सेव करने की व्यवस्था हो। सभी स्कूल अपनी बाल सरंक्षण पॉलिसी बनाकर उसे चस्पा करें। यदि कोई अध्यापक छात्र-छात्राओं पर व्यक्तिगत रंगभेद, जाति या धर्म से संबंधित टिप्पणी करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्कूल में बुलिंग करने वाले बच्चों की पहचान कर उन पर अंकुश लगाया जाए। स्कूल प्रबंधन बच्चों को तनाव से मुक्ति के लिए सेमिनार कराएं। प्रत्येक स्कूल का प्राकृतिक आपदाओं से बचने का प्लान होना चाहिए। निर्देश दिए कि स्कूल प्रांगण में साइबर सुरक्षा के भी इंतजाम हों। स्कूल भवन के प्रत्येक तल पर निकास रास्ते के चिह्न अंकित होने चाहिए।
अतिरिक्त उपायुक्त धर्मवीर सिंह ने कहा कि समय-समय पर जिला प्रशासन स्कूलों की चेकिंग करता है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी खामी को बर्दाश्त नहीं किया जाता। डीएसपी तान्या सिंह ने बताया कि पॉक्सो एक्ट की जानकारी के लिए सभी स्कूलों में सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य परमजीत वडौला, एसडीएम सतबीर कुंडू, विरेन्द्र काजल आदि अधिकारी मौजूद थे।