50 लाख 37 हजार 208 विद्यार्थियों का डाटा हुआ डिजिटल
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा ने आटोमेशन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 50 लाख 37 हजार 208 विद्यार्थियों के डाटा को डिजिटल फार्मेट में संरक्षित कर लिया है। पुराने डाटा का डिजिटलाइजेशन कर देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों की पंक्ति में शामिल हो गया है। इस डाटा के डिजिटलाइजेशन से अब हर तरह की जानकारी एक क्लिक के साथ ही विश्वविद्यालय को उपलब्ध होगी। परीक्षा शाखा आनलाइन ही डाटा का सत्यापन कर सकेगी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय ने लगभग पिछले एक वर्ष से 46 वर्षों के परीक्षा शाखा के पुराने डाटा के डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया चल रही है। अब तक 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों का डाटा डिजिटल फॉम में तैयार किया गया है। इस डाटा के डिजिटल होने से अब हर तरह की अंकतालिका, सत्यापन सहित अन्य कार्य आनलाइन हो सकेेंगे।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह रंगा ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय अब उस दिशा में आगे बढ़ रहा है, जब विद्यार्थी किसी सर्टिफिकेट के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा का 2006 से 2017 के बीच का अधिकतर डाटा पहले ही डिजिटल फार्मेट में उपलब्ध है। कुछ वर्षों का डाटा अभी मैनुअल फार्मेट में है। इसे जल्द ही डिजिटलाइज्ड कर दिया जाएगा।