अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। ऐलिमेंटरी स्कूल हेडमास्टरों को सितंबर माह का अब तक वेतन नहीं मिल पाया है, जिससे हेडमास्टरों में गहरा रोष बना हुआ है। त्योहार के सीजन के चलते वेतन न मिलने से खफा हुए हेडमास्टरों ने अब निदेशालय पर धरना देने का एलान किया है। इसी को लेकर वीरवार को ऐलिमेंटरी स्कूल हेडमास्टर एसोसिएशन की अहम बैठक प्रदेशाध्यक्ष दलबीर मलिक की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दिन हैं और सरकार ने अब तक एलिमेंटरी स्कूल हेडमास्टरों और प्लान में आने वाले अन्य अध्यापकों को सितंबर माह का वेतन नहीं दिया है, जिससे हेडमास्टरों व अन्य शिक्षकों में सरकार के प्रति गहरा रोष बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा विभाग एलिमेंटरी स्कूल हेडमास्टरों की मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है। 12 सितंबर को एसोसिएशन का राज्य स्तरीय शिष्टमंडल मौलिक शिक्षा निदेशक से अपनी मांगों के समर्थन में मिलने गया था, परन्तु मौलिक शिक्षा निदेशक से मुलाकात के बावजूद मांगों पर चर्चा नहीं हो सकी । एसोसिएशन ने उसी दिन निदेशक को पत्र दिया कि मांगों पर चर्चा करने के लिए एसोसिएशन को शीघ्र समय दिया जाए, लेकिन इस पत्र का जवाब आज तक मौलिक शिक्षा निदेशक ने नहीं दिया है। प्रदेशाध्यक्ष दलबीर मलिक ने मौलिक शिक्षा विभाग हरियाणा को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मौलिक शिक्षा निदेशक ने एसोसिएशन को शीघ्र मिलने का समय नही दिया और सितंबर माह का वेतन का बजट जल्दी नहीं डाला तो एसोसिएशन मौलिक शिक्षा निदेशालय के समक्ष राज्यस्तरीय धरना देने को मजबूर होगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी मौलिक शिक्षा विभाग की होगी। एलिमेंटरी स्कूल हेडमास्टर एसोसिएशन निजीकरण व सरकार की दमनकारी नीति की कड़ी निंदा करती है और रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का नैतिक समर्थन करती है। बैठक को राज्य कोषाध्यक्ष जसबीर सैनी,जिला प्रधान रमेश शर्मा, मनजीत सिंह पुनिया,ज्ञान सैनी, प्यारे लाल शर्मा, डॉ. पुरुषोत्तम शर्मा ,ईश्वर चंद्र,रामप्रकाश गिल, अमर सिंह ने संबोधित किया।