देश के गौरव को समर्पित एशिया का स्वर्ण : रानी रामपाल
शाहाबाद।
एशिया कप में शानदार जीत दर्ज करने वाली शाहाबाद की बेटियों कप्तान रानी रामपाल, नवजोत कौर और नवनीत कौर ने इस जीत को देश की जीत बताया है और इसे देश के गौरव को समर्पित किया है। इस जीत के बाद इन खिलाड़ियों ने संकल्प लिया है कि वह वर्ल्ड कप में भी जीत दर्ज करेंगी। तीनों खिलाड़ियों ने इस जीत का श्रेय कोच बलदेव सिंह को दिया है। तीनों ने कहा कि आज कोच बलदेव सिंह की बदौलत वह देश की टीम में खेल रही हैं। फोन पर से बातचीत में कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि टीम इंडिया इसी सोच के साथ जापान की भूमि पर उतरी थी कि वहां से गोल्ड लेकर लौटेंगे। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने वल्ड्र कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। रानी रामपाल उत्कृष्ट खेल की बदौलत अर्जुन अवार्ड, भीम अवार्ड के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनेकों रिकार्ड अपने नाम कर चुकी हैं। देश की टीम की कप्तानी करने के साथ-साथ पटियाला में बतौर साई कोच नियुक्त हैं।
बाक्स
लाइफ का सबसे अनमोल और यादगारी गोल : नवजोत
एशिया कप के फाइनल मुकाबले में चीन के खिलाफ एक मात्र गोल करने वाली शाहाबाद की नवजोत कौर ने इसे सबसे यादगार और अनमोल गोल बताया। नवजोत ने कहा कि इस गोल के साथ ही टीम को जीत मिली है। इसलिए वह इस गोल को आज तक का सबसे बेहतरीन गोल मानती हैं। यह गोल असल में कोच बलदेव सिंह के प्रशिक्षण का ही परिणाम है। नवजोत ने कहा कि वर्ल्ड कप में भी इसी तरह से प्रदर्शन करेंगे।
पांच गोल भी लग रहे हैं कम : नवनीत
भारतीय टीम में शामिल नवनीत कौर ने कहा कि इस चैंपियनशिप में उन्होेंने पांच गोल किए हैं। उन्हें ये भी कम लग रहे हैं। नवनीत ने कहा कि उसे टीम में कुछ कर दिखाने का मौका मिला तो उन्होंने अपने को साबित कर दिया। कहा कि वर्ल्ड कप के दौरान भी टीम इसी तरह से प्रदर्शन करके जीत दर्ज करेगी। नवनीत ने कहा कि कोच बलदेव सिंह की बदौलत ही उन्हें यह उपलब्धि मिली है। इसलिए सभी खिलाड़ियों की यही प्रार्थना है कि कोच बलदेव सिंह फिर से शाहाबाद आकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दें।