इंग्लैंड भेजने के नाम पर दंपती ने कई किस्तों में ठगे 11.82 लाख रुपये, मामला दर्ज
- शिकायतकर्ता ने बताया, झांसा देकर कई किस्तों में आरोपी ने ली रकम गई राशि
- थाईलैंड के रास्ते वाया हांगकांग इंग्लैंड भेजने का किया दावा
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। स्थानीय एजेंट ने एक ग्रामीण के बेटे को इंग्लैंड भेजने के नाम पर कई किस्तों में 11.82 लाख रुपये वसूले। इस कार्य में एजेंट की पत्नी व अन्य साथी भी शामिल थे। तय समय पर रकम लेकर इंग्लैंड की जगह ग्रामीण के बेटे को थाईलैंड भेजा गया। जहां से ग्रामीण ने किसी तरह बेटे की वतन वापसी का इंतजाम किया। इसके बाद जब आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इस पर उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
थाना क्षेत्र के गांव अरनैचा निवासी मदन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे अजय को विदेश भेजने के नाम पर गांव थैमल बोढा निवासी बिट्टू व उसकी पत्नी ने 11.82 लाख रुपये का चूना लगाया। जब उसने आरोपियों से अपनी रकम की मांग की तो आरोपी दंपती ने जान से मारने की धमकी दी। उसका कहना है कि बिट्टू से उसका परिचय था। एक दिन बातों -बातों में बिट्टू ने कहाकि वो उसके बेटे अजय को विदेश में बेहतरीन नौकरी लगवा देगा। इस पर वह उसकी बातों में आ गया। इसके बाद बिट्टू ने 3.50 लाख रुपये में उसके बेटे को हांगकांग भेजने की बात कही। इस पर उसने नवंबर 2017 में बिट्टू को एक लाख रुपये, बेटे का पासपोर्ट, फोटो एवं अन्य कागजात दे दिए थे। बिट्टू ने उसके बेटे अजय को 14 नवंबर को हांगकांग जाने के लिए दिल्ली बुलाया और टिकट के लिए 50 हजार रुपये लिए। तय समय पर बिट्टू ने अजय को थाइलैंड भेजकर वहां से 2-3 दिन के बाद अपने साथी अली के जरिए हांगकांग भेजने की बात बताई। वहां थाईलैंड में अली नामक युवक ने हांगकांग भेजने के नाम पर उससे 70 हजार रुपये ले लिए। कई दिन इंतजार के बाद भी अली उससे मिलने नहीं पहुंचा तो उसके बेटे अजय ने यहां फोन पर आपबीती सुनाई। इस पर मदन लाल ने 70 हजार रुपये बेटे को भेजकर उसे थाईलैंड से वापस बुला लिया। इसके बाद उसने फिर बिट्टू से मुलाकात की और अपनी रकम मांगी। तब बिट्टू एवं उसकी पत्नी ने बेटे अजय को 12 लाख रुपये में इंग्लैंड भेजने और पहले दिए गए रुपयों को शामिल करने का आश्वासन दिया। दोबारा फिर उसकी बातों में आकर उसने जनवरी 2018 को उसे तीन लाख रुपये दे दिए। इसके बाद बिट्टू ने उसके बेटे अजय को मुंबई ले जाकर मेडिकल कराने के एवज में 70 हजार रुपये ठग लिए और कुछ दिन बाद ही पासपोर्ट पर इंग्लैंड का वीजा एवं टिकट दिखाकर एक लाख रुपये ले लिए। इसके बाद भी तय समय पर फ्लाइट न होने के बाद दोबारा टिकट कराने के नाम पर 50 हजार रुपये और ले लिए, लेकिन काफी दिन बीत जाने के बाद भी बिट्टू ने उसके बेटे को इंग्लैंड नहीं भेजा और न ही उसके 11.82 लाख (कई बार में लिए) वापस दिए। इस बारे में पंचायत हुई तो बिट्टू ने उसे 10.70 लाख रुपये का चेक दे दिया, जोकि बैंक में बाउंस हो गया। तंग आकर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी और पुलिस ने बिट्टू, उसकी पत्नी सहित उनके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।