फोटो नंबर-32
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में 18 हजार बच्चे करेंगे श्लोकोच्चारण
- थीम पार्क में 18 दिसंबर को होगा विशाल कार्यक्रम, कमेटियां गठित
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में कुरुक्षेत्र के थीम पार्क से लगातार तीसरे वर्ष 18 हजार बच्चे श्रीमदभगवद गीता के 18 श्लोकों का उच्चारण करेंगे। कक्षा 8वीं से 10वीं तक के ये बच्चे अन्य जिलों के नहीं बल्कि कुरुक्षेत्र से ही होंगे, जो सफेद जैकेट में दिखाई देंगे। श्लोकोच्चारण कार्यक्रम 18 दिसंबर को होगा। इस कार्यक्रम को यादगार और भव्य बनाने के लिए प्रशासन की तरफ से कमेटियों का गठन कर दिया गया है।
डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी। इससे पहले डीसी ने गीता महोत्सव 2017 के श्लोकोच्चारण कार्यक्रम के बारे मेें फीडबैक रिपोर्ट हासिल की और गत वर्ष की खामियों को दुरुस्त करने के आदेश भी दिए। डीसी ने बताया कि 7 दिसंबर से 23 दिसंबर तक क्राफ्ट मेला और मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। 18 दिसंबर को मुख्य कार्यक्रमों के समापन पर सुबह के समय थीम पार्क में 18 हजार बच्चे श्लोकोच्चारण करेंगे। बच्चों को सफेद रंग की विंडचिटर (जैकेट) दी जाएगी। सभी स्कूलों के प्रबंधकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि 25 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक की डयूटी लगाई जाए और 100 बच्चों पर शिक्षा विभाग की तरफ से भी एक अधिकारी को देखरेख के लिए नियुक्त किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने कमेटियों का गठन कर दिया है। चयनित स्कूलों के प्रतिनिधि 8 अक्तूबर को गीता निकेतन स्कूल में सुबह 10 बजे एक कार्यशाला में शिरकत करेंगे।आरएसएस के सहविभाग कार्यवाह डॉ. प्रीतम सिंह व विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान के निदेशक डॉ. रामेंद्र सिंह, एडीसी अनिश यादव, सीईओ केडीबी संयम गर्ग, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतनाम भट्टी मौजूद थे।
प्रार्थना के समय हर रोज विद्यार्थियों को कराया जाएगा अभ्यास : आश्री
डीईओ अरुण आश्री ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सभी स्कूलों में प्रार्थना के समय सीडी और ब्रोशर से रोजाना अभ्यास करवाया जाएगा। सभी प्राचार्या व्यक्तिगत रुचि लेकर श्लोकों का अभ्यास करवाना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए सभी स्कूल शिक्षकों की ड्यूटियां लगाना सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा 16, 17 व 18 दिसंबर को किसी भी शिक्षक को छुट्टी नहीं दी जाएगी।