पिहोवा। ठीक 6 महीने पहले जिस गैस एजेंसी कर्मचारी से मॉडल टाऊन में 2 लाख रुपये की लूट हुई थी, मंगलवार को उसी गैस एजेंसी के अन्य कर्मचारियों के सामने से ही बाइक सवार दो युवक एक लाख रुपये से भरा बैग उठाकर रफूचक्कर हो गए। घटना के समय चार कर्मचारी मौके पर ही मौजूद थे। घटना दोपहर 1 बजे के आसपास की बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई यह घटना आग की तरह शहर में फैैली और लोग दहशत में आ गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सरस्वती गैस एजेंसी में कार्यरत कर्मचारी गुरमीत कुमार ने बताया कि हर रोज की तरह मंगलवार को भी मॉडल टाऊन स्थित दक्षिणापीठ काली मंदिर के पास वह अपने अन्य साथी सोनू, मलकीत व विक्की के साथ उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण कर रहे थे। एजेंसी में सर्वर ठीक न होने के चलते उपभोक्ताओं की भीड़ कुछ कम थी। रोजाना 600 सिलेंडरों के मुकाबले सर्वर खराब होने के कारण एक बजे तक 132 सिलेंडर का वितरण ही हुआ था। दोपहर के समय खाली होने के कारण रुपये से भरा बैग सिलेंडर पर रख दिया। बैग में करीब एक लाख एक हजार रुपये की रकम थी। कुछ देर के बाद एक बाइक सवार दो युवक मंदिर की तरफ से आए और अचानक सिलेंडर पर रखा बैग उठाकर रफूचक्कर हो गए। हालांकि उसने भागकर बाइक का पीछा भी किया, लेकिन तब तक बाइक सवार शहर की तरफ भागने में कामयाब हो गए। अन्य कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना गैस एजेंसी संचालक को दी। सिटी चौकी इंचार्ज नरेंद्र ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना मिली थी। चारों तरफ नाकाबंदी करा कर बाइक सवार दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी की है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे की फुटेज
घटना की सूचना पाकर सीआईए-2 भी मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पुलिस मामले में सुराग जुटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सिटी चौकी इंचार्ज ने बताया कि बाइक सवार युवक पैसे उठाकर शहर की ओर गए थे। घटना में बिना नंबर की बाइक का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस सुराग जुटाने के लिए शहर के अन्य इलाकों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
बदमाशों ने ढके थे चेहरे
गुरमीत ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवकों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। बाइक चालक ने हेलमेट डाला हुआ था और उसके पीछे बैठे युवक ने काले कपड़े से अपना चेहरा ढका हुआ था। बैग उठाने के बाद उसने भागकर उनका पीछा भी किया, लेकिन वह उसके हाथ नहीं लगे। हालांकि उसके बाद उन्होंने बाइक से भी उनकी तलाश जारी रखी, लेकिन शहर की भीड़ में युवक कहीं गुम हो गए।