अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2017 के क्राफ्ट और सरस मेले के दूसरे दिन एनजेडसीसी के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों की धूम रही। इस दौरान कई हजारों लोगों ने सरस और क्राफ्ट मेले का अवलोकन किया और खरीददारी की। इनमें कुछेक विदेश पर्यटक भी शामिल थे। स्विट्जरलैंड से आए इन विदेशी पर्यटकों ने पूरे ब्रह्मसरोवर का अवलोकन किया और मेले में देसी व्यंजनों का जायका चखा। दूसरे दिन मेले में सजी स्टालों पर अच्छी खासी बिक्री हुई। खुशनुमा मौसम के बीच लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया। मेला क्षेत्र के बाहर तिरुपति बालाजी मंदिर के साथ लगाए गए झूलों पर भी भीड़ रही। लोगों ने विभिन्न प्रदेशों से आए शिल्पकारों का सामान खरीदने में काफी रुचि दिखाई। शिल्प मेले में भदोही के कालीन, दक्षिण भारत की अगरबत्ती और धूप के अलावा, सरस मेले गुजरात के स्नेकस, आचार मुरब्बों की अच्छी खासी बिक्री हुई। मेले में खादी को बढ़ावा देने के लिए खादी ग्रामोद्योग की तरफ से अब कि बार विभिन्न जिलों से 10 स्टालें लगाई गई है। पिछले कई वर्षों से गीता जयंती पर केवल एक दो स्टॉल ही लगते थे। ब्रिकी भी सीमित स्तर पर होती थी। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर इस बार दस के लगभग खादी की दुकानें लगी हैं। लोगों का रुझान भी खादी की तरफ बढ़ा है। इससे दुकानदार खुश हैं। खादी ग्रामोद्योग के सचिव सतपाल सैनी ने बताया कि खादी मंहगी होने की वजह से लोग इसे कम खरीदते हैं। लेकिन, इस बार युवा वर्ग में खादी को लेकर क्रेज है। उन्होंने बताया कि पहले खादी ग्रामोद्योग बाजार में कुर्ता पाजमा, धोती कुर्ता, गरखी आदि साधारण परिधान उतारता था। इस बार खादी ग्रामोद्योग ने नए फैंशन के पेंट, शर्ट, कुर्ता, पाजमा, धोती कुर्ता आदि भी पेश किए हैं।
नप अध्यक्षा और डीसी ने किया पेंटिंग का शुभारंभ
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पहुंचने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को अलग-अलग राज्य के लोक संस्कृतियों से रूबरू कराने के लिए देश के विभिन्न प्रदेशों से कलाकार पहुंचे है। ये कुरुक्षेत्र की विभिन्न दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से महाभारत को पेश करेंगे। शनिवार को नगर परिषद की चेयरमैन उमा सुधा, उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने विधिवत रूप से इस कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर उपायुक्त सुमेधा कटारिया, सीईओ पूजा चांवरिया ने भी दिवार पर पेंटिंग की। उमा सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र महोत्सव में अलग-अलग प्रांत के पारम्परिक कला के रंग बिखरेंगे।
वैश्विक गीता पाठ कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ के पहुंचने संभावना
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2017 के समापन समारोह में 30 नवंबर को कुरुक्षेत्र की धरा पर वैश्विक गीता पाठ होगा। इसके लिए थीम पार्क में प्रदेश के सभी जिलों से करीब 18 हजार विद्यार्थी एक साथ भारतीय समय के अनुसार 12 बजे से लेकर 12 बजकर 15 मिनट तक गीता पाठ करेंगे। गीता स्थली ज्योतिसर से 108 ब्राह्मण भी गीता का पाठ करेंगे। विभिन्न देशों में भारतीय समय के अनुसार लोग वैश्विक गीता पाठ करेंगे। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2017 में दूसरी बार वैश्विक गीता पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए हजार-हजार विद्यार्थियों के 18 ब्लॉक बनाए जाएंगे। डीसी सुमेधा कटारिया के मुताबिक इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के मंत्रीगण और विधायक भी शामिल होंगे। संभावना हैं कि उतर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी भी इस कार्यक्रम में शामिल हों।
आज धावक और शहरवासी दौड़ेंगे पवित्र ग्रंथ गीता के लिए : सुमेधा
उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि इंटरनेशनल दौड़ वर्ल्ड 10 के में हजारों धावक और आम नागरिक पवित्र ग्रंथ गीता के लिए दौड़ेंगे। इस दौड़ में पांच देशों के धावक और हजारों स्कूली विद्यार्थी दौड़ने के लिए तत्पर हैं। सीनियर सिटीजन के साथ दिव्यांगों को भी इस इवेंट में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सहर्ष निमंत्रण दिया गया हैं। वे शनिवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यालय के मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2017 पर पहली बार एक प्रोफेशनल दौड़ का आयोजन किया जा रहा हैं। इस दौड़ में मिलने वाला प्रमाण पत्र पूरी दुनिया में होने वाली मैराथन के लिए मान्य होगा। इस दौड़ में पारदर्शिता लाने के लिए विशेष तकनीकी का प्रयोग किया जा रहा हैं। इस दौड़ में ओलंपियन नितेंद्र, क्रिकेटर जोगिंद्र शर्मा, हरियाणा खेल विभाग के निदेशक जगदीप सिंह सहित कई हस्तियां भी शामिल होंगी। इसके लिए प्रशासन ने रूट प्लान भी तैयार किया है। यह दौड़ 19 नवंबर को दोपहर तीन बजे द्रोणाचार्य स्टेडियम से शुरू होगी।