कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाजमंडी में उठान न होने के चलते लगने लगे स्टैग। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले में धान खरीद शुरू हुए तीन दिन हो चुके हैं लेकिन व्यवस्था पूरी तरह से पटरी पर नहीं आई है। बुधवार को भी भले ही 18572 एमटी धान की खरीद की गई लेकिन 10 मंडियों में खरीद शून्य ही रही और आवक लगातार बढ़ने लगी है। फिलहाल दो लाख क्विंटल से अधिक धान की आवक हो चुकी है। आवक बढ़ने व खरीद के चलते उठान का संकट होने की भी संभावना बढ़ती जा रही है।
बुधवार तक उठान शुरू नहीं हो सका और मिलर्स की ओर से भी पंजीकरण करवाया जाना शुरू नहीं हुआ। ऐसे में मंडियाें में उठान का संकट गहराने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। फिलहाल खरीद की गई धान के स्टैग लगाए जाने लगे हैं। अगले दो से तीन दिन और उठान शुरू नहीं हुआ तो मंडियां जाम होने के कगार पर भी पहुंच जाएंगी।
जिले में धान खरीद के लिए 22 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इनमें थानेसर, पिपली, लाडवा, शाहाबाद, बाबैन, इस्माईलाबाद, पिहोवा अनाज मंडियां भी शामिल हैं। डीएफएससी राजेश कुमार आर्य की ओर से दावा किया जा रहा है कि सभी जगहों पर खरीद और उठान का कार्य अगले एक-दो दिन में सुचारू हो जाएगा। उन्होंने किसानों को आह्वान किया कि वे सूखाकर ही धान लेकर आएं, ताकि खरीद में कोई परेशानी न आए।