कुरुक्षेत्र/पिहोवा। अमेरिका भेजने के नाम पर 18.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने दंपती को 60 लाख रुपये में अमेरिका भेजने का झांसा दिया था, मगर अमेरिका की जगह 40 दिन तक दुबई में ठहरा कर रखा।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में शमशेर सिंह निवासी धुलगढ़ ने बताया कि वह अपने भाई वीरभान व भाभी को अमेरिका भेजना चाहता था। उसकी मुलाकात करनाल निवासी संजीव कुमार से हुई थी, जिसने 60 लाख रुपये में दुबई के रास्ते अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया। आरोपी ने 28 अप्रैल 2023 को उसके घर आकर उससे दो लाख रुपये लिए थे। आरोपी ने अलग-अलग समय पर उससे करीब 18.20 लाख रुपये लिए थे। नौ दिसंबर को आरोपी ने उसके भाई व भाभी को दुबई भेज दिया, जहां पर उन्हें करीब 40 दिन तक ठहराकर रखा। उसके बाद भी आरोपी ने उनको अमेरिका नहीं भेजा। तंग होकर वे वापस भारत आ गए। आरोपी से उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो वह टाल-मटोल करने लगा। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।