विश्वस्तरीय चुनौतियां से भरपूर रहेगा अगला वर्ष : रानी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा कि अगला वर्ष विश्व स्तरीय चुनौतियां से भरपूर है। क्योंकि अगले वर्ष ही कॉमन वेल्थ, वर्ल्ड कप जैसी मुख्य चैंपियनशिप हैं। इसलिए भारतीय महिला हॉकी टीम पूरा ध्यान इन पर फोकस करेगी और इस रणनीति से खेलकर स्वर्ण पदक हासिल करेंगी। शाहाबाद में पत्रकारों से बातचीत में रानी रामपाल ने कहा कि हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है इसलिए देश की जनता को हॉकी चैंपियनशिप में गोल्ड लाने वाले खिलाड़ियों को भी क्रिकेट के खिलाड़ियों की तरह प्यार देना चाहिए ताकि हमारा हौसला भी बढ़ सके और आने वाले समय पहले से भी अच्छा प्रदर्शन किया जा सके। कप्तान रानी रामपाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व खेल मंत्री अनिल विज से मांग की है कि एशिया कप में स्वर्ण पदक लाने वाली हरियाणा की खिलाड़ियों को प्रदेश में ही सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि खिलाड़ियों को सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नौकरी मिलने से प्रदेश को दोहरा लाभ मिलेगा ,क्योंकि एक तो यह खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश की तरफ से खेल सकेंगी और दूसरा अपने अनुभव का लाभ प्रदेश के खिलाड़ियों को दे सकेंगी। रानी रामपाल ने कहा कि इस टीम में हरियाणा की सात खिलाड़ी थी और प्रदेश को इन बेटियों पर गर्व होना चाहिए। बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का संदेश देते हुए कप्तान रानी ने कहा कि सोना लाने वाली यह बेटियां ब्रांड एंबेसडर से कम नहीं है और यह सातों बेटियां प्रदेश की जनता को बेटियों को आगे लाने का संदेश देती हैं। क्योंकि हरियाणा खेलों का गढ़ है और यहां के गांव-गांव में प्रतिभा छिपी हुई है और अगर बेटियों को आगे आने का मौका दिया जाए तो देश में सभी खेलों की टीमों में प्रदेश की खिलाड़ी होंगी।