फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोपहर तक छाई रही धुंध की चादर, जन जीवन अस्त व्यस्त

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

कुरुक्षेत्र।
जिलेभर में सोमवार को पड़े स्मॉग में दर्जनों वाहन भिड़ गए। साथ ही रेल और सड़क मार्ग पर ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। सुबह से रात तक पड़े स्मॉग के कारण सबसे बड़ा हादसा शाहाबाद में हुआ। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप की भिड़ंत में एक ही परिवार के 15 लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत नाजुक है। इन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। लाडवा में सोमवार सुबह बच्चों को स्कूल के लिए लेने जा रही एक निजी स्कूल की बस धुंध के कारण पापुलर की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। यह हादसा लाडवा-बाबैन रोड पर सुबह करीब आठ बजे हुआ। सौभाग्यवश हादसे के समय स्कूल बस में कोई विद्यार्थी सवार नहीं था। इस हादसे में स्कूल बस क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रैफिक एसएचओ ने स्मॉग की वजह से जीटीरोड पर मसाना के निकट सुबह करीब दर्जन भर गाड़ियां भिड़ने की पुष्टि की है। उनके मुताबिक एक साथ भिड़े इन वाहनों में सवार किसी के गंभीर रूप से जख्मी होने का समाचार नहीं है। हालांकि, उन्होंने बताया कि पिपली-अंबाला रोड पर एक कार चालक स्मॉग में तीव्रगति से वाहन चलाते हुए सरस्वती के निकट ट्रक से जा भिड़ा। संयोग से वह घटनास्थल के पास से ही गुजर रहे थे। बताया गया है कि इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, वरना यहां बड़ा हादसा हो सकता था।

शाहाबाद में ट्रॉली से भिड़ी पिकअप, एक परिवार के 15 जख्मी
शाहाबाद में सोमवार को तड़के पड़ी धुंध में बराड़ा रोड पर गांव रावा के पास छोटा हाथी और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में छोटा हाथी में सवार बच्चों सहित 15 लोग घायल हो गए। उन्हें हेल्पर्स की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। जहां से दो घायलों को पीजीआई रेफर किया गया। घायलों में यमुनानगर निवासी नीमा देवी, जगमाल, नवजोत, बाला, मीनाक्षी, बादल, ब्राह्मणी और आठ बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल बाला और मीनाक्षी को पीजीआई रेफर किया गया है। यह पूरा परिवार यमुनानगर से सफीदों धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आया था। वह तड़के छोटा हाथी में सवार होकर लौट रहे थे तो धुंध के कारण बराड़ा रोड पर गांव रावा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और छोटा हाथी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद छोटा हाथी पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हेल्पर्स की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंचाया। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसा ग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। धुंध के कारण सड़क से वाहन हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत हुई। हेल्पर्स और अन्य ने इस दौरान घायलों के लिए कंबल और खाने की व्यवस्था भी की। इसके अलावा परिजनों के आने तक घायलों को पीजीआई भी हेल्पर्स की टीम ने पहुंचाया। क्षेत्र में पड़ रहे स्मॉग के कारण सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चले। बहुत से चालकों ने अपने वाहन ढाबों पर खड़े तक कर दिए।
विज्ञापन


स्कूल बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, एक घायल
लाडवा में सोमवार सुबह बच्चों को स्कूल के लिए लेने जा रही निजी स्कूल की एक बस धुंध के कारण पापुलर की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली टकरा गई। दुर्घटना लाडवा-बाबैन रोड पर सुबह करीब आठ बजे हुई। गनीमत यह रही कि स्कूल बस में कोई बच्चा नहीं था। दुर्घटना में ट्रैक्टर को बहुत नुकसान पहुंचा है। हालांकि, ट्रैक्टर चालक को मामूली चोट आई हैं। सोमवार को सुबह भारी स्मॉग के कारण दृश्यता शून्य थी। इस वजह से स्कूल बस चालक सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं देख पाया। दुर्घटना का शिकार हुई बस बच्चों को लेने के लिए गांव बहलोलपुर जा रही थी। लाडवा-बाबैन रोड पर नामचर्चा घर के पास एक धर्मकांटे से वजन कराकर लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर आई तो लाडवा की तरफ से आ रही स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी। सूचना पर स्कूल प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल ट्रैक्टर चालक कंवरपाल निवासी गांव पालेवाला थाना रादौर ने बताया कि स्कूल बस का चालक तेज रफ्तार से आ रहा था। पुलिस ने क्रेेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटाया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था।

कोहरे ने नवंबर में ही दी दस्तक, रेंगकर चले वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
नवंबर माह की शुरुआत में ही कोहरे ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 11 बजे तक कोहरे के घने बादल आसमान में छाए रहे। सूर्य के निकलने के बाद ही कोहरे से लोगों को कुछ राहत मिली। घने कोहरे के कारण वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। कोहरा इतना अधिक था कि नजदीक से भी वाहन दिखाई नहीं दे रहा था। सड़कों पर वाहन गति नहीं पकड़ पा रहे थे। सुबह के समय वाहनों की लाइटें जगाकर चलना पड़ा। कोहरा अधिक होने के कारण दुपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी हुई। कोहरा से लोगों की दिनचर्या के साथ ही स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूली बसें भी निर्धारित समय पर न पहुंचकर देरी से पहुंची। इस कारण स्कूली बच्चे बसों को इंतजार करते हुए देखा गया। साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दोपहर तक छाई रही धुंध
इस्माईलाबाद।
कस्बा और क्षेत्र में दोपहर तक धुंध की चादर छाई रही। इसके चलते दृश्यता कम होने से वाहन सड़कों पर रेंगते हुए नजर आए। क्षेत्र में एकदम से ठंड और धुंध का प्रकोप बढ़ जाने से जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। दोपहर तक सूर्य देवता के दर्शन न होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकतर प्राइवेट स्कूलों को समय न बदलने से घनी धुंध में स्कूल बसें चलती हुई दिखाई दी। किसानों ने कहा कि इस वर्ष ठंड अधिक पड़ने के आसार लग रहे है। इससे गेहूं की अच्छी पैदावार होने के आसार है।

वाहनों, वृक्षों, फ्लाईओवर और दीवारों पर लगाएंगे रिफ्लेक्टर
ट्रैफिक एसएचओ देवेंद्र कुमार ने कहा कि अगले तीन दिनों में जिलेभर में वाहनों के अलावा सड़कों के किनारे, फ्लाईओवरों पर, वृक्षों पर, पुलों की दीवारों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाएंगे।

नेशनल और स्टेट हाईवे पर खड़े होने वाले वाहन होंगे इंपाउंड
ट्रैफिक एसएचओ के मुताबिक धुंध के दौरान अनेक हादसे सड़कों पर खड़े छोटे बड़े वाहनों की वजह से होतेे हैं। ऐसी घटनाओं पर रोक लगे, इसके लिए पुलिस सख्त करेगी। किसी भी सूरत में नेशनल और स्टेट हाईवे पर वाहनों को पार्क नहीं होने दिया जाएगा। सड़कों पर खड़े वाहनों को इंपाउंड करने के साथ ही केस दर्ज किए जाएंगे।
यह सावधानी अवश्य बरतें
ट्रैफिक पुलिस ने धुंध के दौरान वाहन चालकों को जरूरी निर्देश दिए हैं। ट्रैफिक एसएचओ के मुताबिक धुंध के दौरान बहुत इमर्जेंसी हो तभी वाहनों को नेशनल और स्टेट हाईवे पर लेकर निकलें। तीव्र गति में ओवर टेक कतई न करें। संभव हो तो ओवर टेक करने से बचें। डिपर का उपयोग करें। वाहन की गति धीमी रखें।
विज्ञापन


अभी स्कूलों का समय परिवर्तन नहीं-डीसी
डीसी सुमेधा कटारिया ने बताया कि अभी मौसम ने करवट ली है। धुंध का वातावरण है। दो दिन और इंतजार के बाद मौसम की नजाकत को देखने के बाद ही यह फैसला लिया जाएगा कि स्कूलों का समय परिवर्तित किया जाए या नहीं। अभी तक किसी भी जिले में स्कूलों के समय में परिवर्तन के आदेश जारी नहीं किए गए हैं। आवश्यकता हुई तो समय में परिवर्तन किया जाएगा।

ये ट्रेनें हुईं लेट
दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जाने वाली
कटिहार एक्सप्रेस छह घंटे लेट
मूरी एक्सप्रेस छह घंटे लेट
ऊंचाहार एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे लेट
मालवा एक्सप्रेस दो घंटे लेट
दादर एक्सप्रेस-पौन तीन घंटे लेट

दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन
झेलम एक्सप्रेस एक घंटा लेट
ऊना से दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस एक लेट
अमृतसर से दिल्ली जाने वाली सुपर एक्सप्रेस तीन घंटे लेट
भठिंडा-फाजिल्का एक्सप्रेस छह घंटे लेट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें