अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ के सदस्यों ने लाडवा विधानसभा विधायक पवन सैनी को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्हें नियमित करने, समान काम के बदले समान वेतन देने, हटाये गए अतिथि अध्यापकों को नियुक्ति देने की मांग की। इससे पहले अध्यापकों ने प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता अतिथि अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र गढीरोडान और प्रदेश संगठन सचिव सुनील सैनी ने की।
संघ के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शर्मा और संगठन सचिव सुनील सैनी ने बताया कि अतिथि अध्यापक पिछले लंबे समय से प्रदेश सरकार से उन्हें नियमित करने का वादा पूरा करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही। इस कारण अतिथि अध्यापकों ने फिर से संघर्ष करने का फैसला किया है। इसी कड़ी में प्रदेशभर के अतिथि अध्यापक 10 अक्तूबर को विद्यालय अवकाश के बाद प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे। संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र गढीरोडान ने बताया कि विधायक पवन सैनी ने उनका ज्ञापन लेने के बाद मुख्यमंत्री को उनकी मांग से अवगत कराने और उनकी नियमितीकरण की मांग का समर्थन करने की बात कही है। विधायक ने कहा कि वे अतिथि अध्यापकों से जुड़े मुद्दों को पहले भी सरकार के सामने उठाते रहे हैं। इस दौरान संजीव कुमार , विनोद कुमार , रामशरण, रणवीर, शारदा, मतलेश, विनय आदि उपस्थित रहे।