अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
अनाज मंडी के आढ़तियों ने रोष प्रदर्शन कर खरीद एजेंसी हरियाणा एग्रो के खिलाफ भड़ास निकाली। उनका आरोप है कि गेहूं का सीजन समाप्त हुए 2 माह बीत चुके हैं लेकिन खरीद एजेंसी हरियाणा एग्रो ने आज तक भी अनाज मंडी से खरीद किए गए माल का लगभग 38 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया है। अनाज मंडी के प्रधान स्वर्णजीत सिंह कालड़ा, संजीव कुमार, अशोक कुमार, प्रवीण गर्ग, प्रेम कुमार, रवि गाबा, संजय बत्तरा, यशपाल सेठी, मोहन लाल सिंगला ने कहा कि सरकार की नीति 72 घंटे के अंदर खरीदे गए माल का भुगतान करने की है लेकिन यहां 50 दिन बीत जाने के बाद भी शाहाबाद अनाज मंडी का लगभग 38 लाख रुपये का भुगतान हरियाणा एग्रो देने में नाकाम रहा है। उन्होंने बताया कि अंतिम बिल लगभग 47 लाख रुपये का था जिसमें से लगभग 9 लाख रुपये आए हैं और 38 लाख रुपये आज भी बकाया है। उन्होंने कहा कि यह पैसा किसानों का है और जीरी की बिजाई जोरों पर चल रही है तथा किसानों को पैसे की आवश्यकता है। एजेंसी द्वारा भुगतान न किए जाने से आढ़ती व किसानों के बीच में तालमेल बिगड़ रहा है।