कुरुक्षेत्र। पिहोवा के पुराना बाजार क्षेत्र वासी 40 वर्षीय एक कारोबारी की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के 12 लोग बीमार बताए गए हैं। हैरत की बात यह है कि इस घटना के बावजूद अभी तक मृतक के परिवार के किसी भी सदस्य के सैंपल तक नहीं लिए गए।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि परिवार के एक सदस्य की संदिग्ध स्वाइन फ्लू से मौत के बाद शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की एक टीम पिहोवा में उनके घर पहुंची थी और सैंपल लिए बगैर उन्हें टेमीफ्लू की दवा खिलाकर चली गई। मृतक के भाई ओम गोरक्षा दल के पदाधिकारी केशव ने बताया कि उनके भाई की तीन दिन पहले अचानक तबीयत खराब हो गई थी, इसके बाद पिहोवा के एक प्राइवेट अस्पताल में उसका दो दिन तक इलाज चला, लेकिन दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ते देख, संबंधित प्राइवेट अस्पताल के चिकित्सक ने उनके भाई को पीजीआई ले जाने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बाद वह अपने भाई कुरुक्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर आए थे। इस अस्पताल के चिकित्सक ने भी पीजीआई ले जाने को कहा था।
केशव ने बताया कि जब उनके भाई को पीजीआई ले जाया गया तो वहां टेस्ट करने से पहले उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने बताया कि डॉक्टरों ने वहां उन्हें इस मौत का कारण स्वाइन फ्लू ही बताया था। मृतक का अंतिम संस्कार पिहोवा में कर दिया या है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों को भी बुखार, जुकाम और खांसी के कारण तबीयत खराब है। परिवार का एक सदस्य खो देने के बाद परिवार के सदस्य सदमे में और सहमें हुए हैं। बताया गया है कि इस परिवार के पांच बच्चों और चार महिलाओं सहित कुल 12 लोगों की तबीयत खराब है।
जिला स्वास्थ्य विभाग को पीजीआई से मिली सूचना
मृतक के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने स्वाइन फ्लू से मौत की घटना के बाद जिला के सरकारी अस्पताल से कोई संपर्क नहीं किया था। इन्होंने बताया कि शुक्रवार को डॉ. गौरव चावला के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य विभाग कुरुक्षेत्र की टीम पिहोवा पहुंची थी। संभवत: पीजीआई चंडीगढ़ से उन्हें सूचना दी गई थी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और विज तक पहुंचा मामला
इस घटना के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के पीएसओ ने पिहोवा में पीड़ित परिवार से शुक्रवार को फोन पर संपर्क किया। इसकी पुष्टि परिवार के सदस्यों ने की है। मृतक के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें आश्वासन दिया है कि परिवार के जिन लोगों की तबीयत खराब है,वे चिंता न करें, उन्हें इलाज के लिये कहीं जाने की आवश्यकता नहीं, पूरा इलाज घर पर ही होगा।
सीएमओ डॉ. सुखबीर से सीधी बात
सवाल-पिहोवा में स्वाइन फ्लू से ही हुई है
जबाव-यह अभी कंफर्म नहीं हुआ है
सवाल-क्या विभाग को घटना बारे पीजीआई से सूचना मिली थी
उत्तर-डेथ तो पीजीआई में हुई थी, लेकिन सूचना पिहोवा से मिली थी, जिसके बाद एक टीम भेजी गई
सवाल-मृतक के परिवार के 12 सदस्य बीमार हैं, उन्हें क्या ट्रीटमेंट दिया है
उत्तर-परिवार के 12 नहीं 4 लोग बीमार हैं, उन्हें दवा दे दी गई है
सवाल-क्या इनके सैंपल लिये गये हैं।
उत्तर-टीम में एक विशेषज्ञ को भेजा था, जांच में पाया कि सैंपल लेना जरूरी नहीं है