फोटो नंबर-30
भावी चिकित्सकों ने फूंका यूनिवर्सिटी प्रशासन का पुतला, जताया रोष
- आयुष विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों का चौथे दिन भी धरना रहा जारी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। श्री कृष्णा राजकीय आयुष विश्वविद्यालय में भावी चिकित्सकों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को भी चौथे दिन जारी रहा। भावी चिकित्सकों ने यूनिवर्सिटी परिसर में एकत्रित होकर यूनिवर्सिटी प्रशासन का पुतला फूंक रोष व्यक्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर विद्यार्थियों के प्रति अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले चार दिनों से अस्पताल परिसर के मुख्यद्वार पर धरना दे रहे है, लेकिन किसी भी अधिकारी ने उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। डॉ. अमित श्योराण ने कहा कि सरकार व अधिकारियों की अनदेखी के चलते प्रदेश का एकमात्र आयुष विश्वविद्यालय अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी में अव्यवस्थाओं का अलम ये है कि यहां पीने के पानी तक की सुविधा नहीं है । यूनिवर्सिटी प्रशासन को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अधिकारियों ने सिर्फ झूठे आश्वासन ही दिये। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यार्थियों की मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक विद्यार्थियों का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान एसएफआई ने प्रदर्शन कर रहे भावी चिकित्सकों का समर्थन किया। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह, अक्षय, मनोज कुमार, रेनू धीमान, डॉ दीपक, डॉ रवि दलाल, प्रवीन, आकाश, कंचन, तमन्ना, पूजा यादव, मोनिका यादव, ज्योति मैहरा सहित अन्य विद्यार्थियों मौजूद रहे।