आंगनबाड़ी कर्मियों की हड़ताल 27वें दिन भी रही जारी, की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर कर रहीं आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों का धरना प्रदर्शन शनिवार को 27वें दिन भी जारी रहा। उन्होंने सेक्टर-10 के ताज पार्क के पास सड़क पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी चांदी राम को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। आंदोलनरत महिलाओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक वे भूखहड़ताल पर रहेंगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उन पर सख्ती करने की कोशिश की तो वे कोई भी कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगी। सरकार ने दोबारा से यूनियन के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए चंडीगढ़ बुलाया है। आंगनबाड़ी कर्मियों को निर्माणकार्य मजदूर मिस्त्री यूनियन के राज्य प्रधान करनैल सिंह ने मौके पर जाकर समर्थन दिया। धरने को यूनियन की जिला प्रधान परमजीत, बलजीत, सुनीता, जनसंघर्ष मंच की उषा, सेवानिवृत्त सुपरवाइजर संतोष, रविंद्र कौर ने संबोधित किया। आंदोलनरत महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनरत महिलाओं ने सरकार को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उनके वेतन में जो बढ़ोतरी की बात कही जा रही है, उससे आंगनबाड़ी वर्करों को बांटने की कोशिश की जा रही है। जब सभी आंगनबाड़ी वर्कर एक ही काम करती हैं तो फिर उनके वेतन में यह भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उन्हें सरकारी कर्मचारी और न्यूनतम वेतनमान देने की घोषणा नहीं करती, तब तक वे अपना आंदोलन ऐसे ही जारी रखेंगी।