जाटों के आगे कमजोर नजर आई सरकार : सांसद सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
सांसद राजकुमार सैनी ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जींद रैली को लेकर भाजपा सरकार पर पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार जाटों के आगे कमजोर साबित हुई है। अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस तरह से जींद रैली को लेकर सरकार ने जाटों की मांगों पर सहमति जताई है, उससे जाहिर हो गया है कि भाजपा भी कहीं न कहीं किसी न किसी दबाव के चलते जाटों के आगे कमजोर है। यह कमजोरी चाहे वोट की राजनीति को लेकर हो या फिर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश के जाट नेताओं का प्रभाव कम करने के लिए पार्टी की राजनैतिक रणनीति हो।
उन्होंने कहा कि कारण चाहे जो भी हो, जनता के सामने भाजपा ने अपना असली चेहरा दिखा दिया है। उन्होंने जाट आरक्षण संघर्ष समिति के सूत्रधार यशपाल मलिक पर सीधा वार करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने पूरे हरियाणा को जलाया हो और प्रदेश का सौहार्द बिगाड़ने का काम किया हो। सरकार की ऐसे व्यक्ति से बातचीत लोकतांत्रिक व्यवस्था में सही नहीं है।
राजकुमार सैनी ने प्रेस वार्ता में में कहा कि पंचकूला में हुई आगजनी, जाट आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और आगजनी से बहुत कम थी। जाट आंदोलन के दौरान दुकानें और घर ही नहीं जलाए गए, बल्कि बेकसूर लोगों को निशाना बनाने के साथ उनकी निजी संपत्तियों को भी बर्बाद किया गया। सरकार की कमजोरी ही है कि उसने जाटों के आगे झुकते हुए आगजनी करने वाले लोगों को सजा देने के स्थान पर नौकरियों और धन की बरसात कर दी। इसके उलट डेरे के उन समर्थकों को भी जेलों में ठूंस दिया, जिनका पंचकूला में हुई आगजनी में कोई रोल ही नहीं था।
वोटों के लिए अंधी हो चुकी सरकार
सांसद सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार वोटों के लिए अंधी हो चुकी है। उसे सिर्फ 2019 का चुनाव दिखाई दे रहा है। प्रदेश की जनता के जानमाल की रक्षा से उनका कोई वास्ता नहीं रह गया। आज पूरा प्रदेश जाति और समुदाय में बिखर चुका है। इस बिखराव की जिम्मेदार यही सरकार है, क्योंकि समाज में विघटन करने वालों के साथ सख्ती से निपटने की बजाय उन्हें पुचकारा गया है। सांसद सैनी ने कहा कि वह जींद रैली से कोई इत्तेफाक नहीं रखते। इसलिए यह रैली उनकी विचारधारा और जनता की कसौटी से बहुत दूर की बात है। यह रैली केवल राजनीतिक और चुनावी ड्रामेबाजी है। साफ कहा कि वे जींद रैली मे शामिल नही होंगे। इस मौके पर उनके साथ मुख्य राजनैतिक सलाहकार एनडी गुप्ता भी मौजूद रहे।