स्पीकरों की तेज आवाज से आमजन परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
इस्माईलाबाद।
कस्बे और क्षेत्र में निजी कंपनियों द्वारा बनाई गई दवाइयों के साथ ही अन्य सामान के विज्ञापन के लिए वाहनों पर लगे लाउड स्पीकरों की तेज आवाज से आमजन परेशान है। गुरदेव सिंह, निर्मल सिंह, धर्म सिंह धगडौली, अश्वनी कुमार, लाभ सिंह आदि ने कहा कि गेहूं में खरपतवार नाशक दवाइयों और गेहूं की अन्य दवाइयों के विज्ञापन के लिए इस समय सभी कंपनियां अलग-अलग तरीके अपना रही हैं। इन विज्ञापनों के लिए कंपनियां वाहनों पर लाउड स्पीकर लगाकर और स्पीकरों की तेज आवाज से विज्ञापन कर रही हैं। लाउड स्पीकरों की आवाज इतनी अधिक होती है, कि उसकी आवाज से पढ़ने वाले बच्चे और बीमार परेशान हो रहे हैं। ऐसा विज्ञापन करने वाले अधिकतर लोगों के पास लाउड स्पीकर से विज्ञापन करने की अनुमति तक नहीं है। नियमानुसार, लाउड स्पीकर से विज्ञापन करने के लिए एसडीएम की अनुमति जरूरी होती है। लोगों ने प्रशासन से इस तरह के वाहनों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। एसडीएम पिहोवा पूजा चांवरिया का कहना है कि अभी उनके पास इस संदर्भ में कोई शिकायत नहीं आई है। फिर भी वे मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच कराएंगी। कोई नियमों का उल्लंघन करता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।