कांग्रेस का भट्ठा बैठाने वाले अब भाजपा का भी भट्ठा बैठाना चाहते हैं : सैनी
भाजपा के बर्खास्त नेता ने जनसभा में हजारों लोगों की जुटाई भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। कांग्रेस का भट्ठा बैठाने वाले अब भाजपा का भी भट्ठा बैठाना चाहते हैं, जिनसे पार्टी को सचेत रहना चाहिए। सैनी ने कहा कि हुड्डा एक जाति विशेष के नेता हैं और यह उन्होंने खुद भी स्वीकार किया था। जनता के नकारे जाने पर अब अपना वजूद बचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
सांसद सैनी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मान सिंह बचगांव की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सैकड़ों युवाओं ने बाइक रैली निकालकर झांसा रोड से बचगांव तक राजकुमार सैनी का स्वागत किया वहीं जनसभा में सांसद कभी कांग्रेस और कभी जाति विशेष पर जमकर गरजे। उन्होंने मान सिंह बचगांवा को बर्खास्त किए जाने पर कहा कि वे उन्हें पूरा सम्मान देंगे । सैनी ने मंच से मान सिंह बचगांव को लोकतंत्र सुरक्षा मंच का शाहाबाद हल्का प्रभारी नियुक्त करने का ऐलान भी किया और कहा समानता के महाकुंभ 26 नवंबर को महात्मा ज्योतिबा फुले की यादगार में आयोजित महासम्मेलन प्रदेश की राजनीतिक दिशा और दशा बदल देगा। सैनी ने हम दो हमारे दो ,100 प्रतिशत आरक्षण ,मनरेगा को कृषि से जोड़ना और राज्यसभा को खत्म करने की मांग पर जनता से समर्थन मांगा। सैनी ने कहा कि किसी भी बिरादरी की संख्या 10 प्रतिशत से ज्यादा नहीं हैं ,इसलिए दलित समुदाय के 23 प्रतिशत आरक्षण को छोड़कर बाकी 77 प्रतिशत को संख्या के अनुपात में बांटा जाए ताकि लठ के बल पर कोई किसी का हक न खा सके।
भाजपा ने ठुकराया, सांसद ने गले लगाया
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा उपाध्यक्ष मान सिंह बचगांव को पार्टी से निकाले जाने के 2 दिन बाद मान सिंह ने अपने गांव में सांसद राजकुमार सैनी के लिए कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उन्होंने न केवल सैनी का समर्थन किया बल्कि उनकी मुहिम का भी समर्थन करके अच्छी खासी भीड़ जुटाई। सांसद ने मंच से मान सिंह को गले लगाकर न केवल शाहाबाद हलका प्रभारी नियुक्त कर दिया बल्कि इशारों ही इशारों में शाहाबाद हलका विधायक एवं राज्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने को भी हरी झंडी दे दी।