जिले में बेशक रिकवरी रेट धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन कोरोना से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भी चार बुजुर्ग सहित एक महिला ने दम तोड़ दिया। इसके साथ-साथ 164 कोरोना के नए केस सामने आए। जिले में अब तक 260 लोगों को मौत हो चुकी है और
20488 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 1742 केस अभी भी एक्टिव हैं, जिनमें से 1331 को होम आइसोलेट किया गया है। बाकि 337 का सरकारी व निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और 74 एलएनजेपी अस्पताल में एडमिट हैं। जिले में कोरोना के मरीजों का रिकवरी आकंड़ा बढक़र 90.23 फीसदी पर पहुंच चुका है और मंगलवार को एक ही दिन में 266 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके है। अब तक 18486 मरीजों ने कोरोना की जंग को जीता है। जिले में अभी सैंपल पॉजिटिविटी रेट 6.27 फीसदी है। सीएमओ डॉ. संत लाल ने बताया कि मंगलवार को अलग-अलग जगहों से कोरोना वायरस से संक्रमित 164 नए केस सामने आए है और कुरुक्षेत्र में 266 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं कोरोना पॉजिटिव सरस्वती कॉलोनी खेड़ी मारकंडा निवासी 74 वर्षीय व्यक्ति, गांव थाना पिहोवा निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति, एनआईटी कैंपस कुरुक्षेत्र निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति, रणजीत नगर शाहाबाद निवासी 68 वर्षीय व्यक्ति और ज्योति नगर निवासी 27 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई है। वायरस की जांच के लिए अब तक 329099 में से 306504 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इनमें से 18486 मरीज ठीक होकर घर जा चुके है और 260 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। इस प्रकार कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस के 1742 एक्टिव केस है। वायरस की रोकथाम के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्र के घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग का कार्य किया जा रहा है। टीमों ने 373 गांवों के 65 हजार 488 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की है। टीमें डोर टू डोर जाकर परिवार के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य के बारे में पूछ रही है और जहां कहीं भी कोई संदिग्ध केस मिलता है तो वहां पर एंटीजेंट और आरटीपीसीआर कोरोना सैंपल भी लिए जा रहे है। सीएमओ ने बताया कि इस कार्य के लिए डिप्टी सीएमओ डा. आरके सहाय को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डिप्टी सीएमओ डा. आरके सहाय ने कहा कि फील्ड में काम करने वाली टीमों ने एचवीजीएचसी स्कीम के तहत 373 गांवों को कवर किया है। इन गांवों में टीमों ने 21 हजार 390 घरों में जाकर 65 हजार 488 लोगों के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग की है और इनमें से 175 लोगों को आईएलआई पाया गया है और 102 लोगों को गांव के आइसोलेशन सेंटर में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि 74 लोगों के एंटीजेंट टेस्ट किए गए और 7 लोगों के आरएटी टेस्ट किए गए है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 3 लोगों को गांव के आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है और 7 लोगों को वीएचक्यू टीम ने अस्पताल के लिए रेफर किया है।