राइस मिल के चौकीदार को मारपीट लूटा लाखों का सामान
अमर उजाला ब्यूरो
इस्माईलाबाद। चौकीदार से मारपीट कर राइस मिल से टांसफार्मर से वायर सहित लाखों रुपये का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही डीएसपी पिहोवा धीरज कुमार व थाना प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चौकीदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकीदार बलकार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात में छह व्यक्ति चोरी करने के इरादे से राइस मिल में आए। जब उसने रोकने का प्रयत्न किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और नशीला पदार्थ सुंघा कर उसे एक कमरे में बंद कर दिया। राइस मिल के मालिक व अनिल कुमार डीएवी स्कूल के चेयरमैन पुनीत मित्तल ने कहा कि जब चौकीदार सुबह घर पर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन उसे देखने के लिए राइस मिल में आए। वहां पर चौकीदार बेहोश पाया गया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। बलकार सिंह ने बताया कि चोर टांसफार्मर का सामान राइस मिल का अन्य सामान मिल में रखे नए वारदाने के करीब 150 कट्टों में भर कर ले गए। चौकीदार ने बताया कि राइस मिल सीजन ऑफ होने की वजह से बंद था इसलिए मिल में वह अकेला ही था। चौकीदार ने आशंका जताई की चोरों के पास हथियार भी थे।
जल्द काबू कर लिए जाएंगे चोर: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि राइस मिल में चोरों द्वारा चौकीदार को नशीला पदार्थ सुंघा कर टांसफार्मर का सामान व अन्य सामान चुराने का मामला थाना में आया है। चौकीदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके का जायजा लेने के लिए डीएसपी पिहोवा धीरज कुमार, सीआईए टीम, सीएफएल टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। एएसआई सुरजीत सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है। वे खुद भी मामले पर जांच रखे हुए है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।