भाजपा कल निकालती है तो आज निकाल दे पर लोकतंत्र सुरक्षा मंच से हू लडूंगा चुनाव : सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद । भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि भाजपा उन्हें कल निकालती है तो आज निकाल दे, लेकिन वे आगामी चुनाव लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बैनर तले ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओबीसी होने के कारण 90 प्रतिशत ओबीसी वोट भाजपा के समर्थन में पड़े, लेकिन भाजपा ओबीसी के ही विरोध में खड़ी हो गई है, जिसका खामियाजा उसे उपचुनावों में भुगतना पड़ा है। इसे भविष्य में भी भुगतना पड़ेगा। सैनी शुक्रवार को हुडा क्षेत्र स्थित नगर पालिका के उपप्रधान, विहिप के पूर्व जिला प्रधान तथा कृष्ण गौशाला के पूर्व प्रधान डॉ. गुलशन कवात्रा से मिलने के दौरान कही। इसके बाद वह गांव ढंगाली में एक विवाह समारोह में भाग लेने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में लोकतंत्र सुरक्षा मंच अपने पांच मुद्दों को लेकर उतरेगा।
सैनी ने एक प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह के कथित बयान की राज्यसभा के लिए सीटें सौ-सौ करोड़ तक में बिकती हैं, को सही बताते हुए कहा कि इस समय या तो पैसे वाले या फिर चापलूस लोग चमचागिरी के माध्यम से सदन के सदस्य बनकर जनता के हितों से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें 6 मास के लिए प्रदेश की जिम्मेदारी दी जाय तो उनका दावा है कि उत्तर भारत में भाजपा की फिर से सरकार आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले तो छोटे-मोटे स्वार्थों के लिए चील-कौवों की तरह छोटी-मोटी चोंच मारने तक सीमित हैं। वहीं देश की बदकिस्मती है जो कांग्रेस बड़े घड़ियालों का झुंड है। वह देश की बोटी-बोटी नोचकर न खा जाए इसकी हमें चिंता है। उन्होंने अब भी अपने आप को असुरक्षित ही बताया। इस अवसर पर समाजसेवी दीपक आनंद, जय नाथ पांडे भी मौजूद थे।