फोटो समाचार-41 से 48
मोटिवेशनल लॉफ्टर शो में हास्य कलाकारों ने गुदगुदाया
प्रदेश की संस्कृति और कलाकारों को विश्व के 50 देशों में अपने हुनर को दिखाने का अवसर मिला : बेदी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
हरियाणा स्वर्ण जयंती अथॉरिटी, कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा और जिला प्रशासन के सहयोग से शुक्रवार को राजकीय सीनियर मॉडल स्कूल के ऑडिटोरियम हाल में मोटिवेशनल लॉफ्टर शो का आयोजन किया गया। इस दौरान हास्य कलाकार ख्याली और युवा कलाकार मानव ख्याली ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। इस दौरान उन्हें सम्मानित भी किया गया।
इससे पहले राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधायक सुभाष सुधा, विधायक डॉ. पवन सैनी, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, जिला परिषद चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी, भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मवीर डागर, माटी कला बोर्ड के सदस्य रामकुमार रंबा, एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, हास्य कलाकार ख्याली व मानव ख्याली ने शो की शुरुआत की। इस दौरान हास्य कलाकार ख्याली और मानव ख्याली को जिला प्रशासन की तरफ से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
31 अक्तूबर तक जारी रहेगा कार्यक्रमों का सिलसिला
राज्यमंत्री ने कहा कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा को अलग राज्य के रूप में दर्जा मिला और 1 नवंबर 2016 को पचास वर्ष पूरे हुए। इन पचास वर्षों के पूरा होने पर भाजपा सरकार की तरफ से वर्ष 2016-17 को स्वर्ण जयंती वर्ष के रुप में मनाने का निर्णय लिया। इस समयावधि के दौरान प्रत्येक क्षेत्र और विभागों से जुड़े कार्यक्रमों को उत्सवों के रूप में मनाने के लिए स्वर्ण जयंती महोत्सव कमेटी का गठन किया। इस कमेटी के निर्णय के अनुसार एक नवंबर 2016 से 31 अक्टूबर 2017 तक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।
कार्यक्रम के प्रदेश सह संयोजक डॉ.प्रवीण शर्मा ने बताया कि इस वर्ष सभी कार्यक्रमों को हरियाणा के महोत्सवों के रूप में मनाया जा रहा हैं। इससे हरियाणा की एक अलग पहचान बनी है और प्रदेश की सभी प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिला है। सरकार की व्यापक योजना के तहत प्रदेश की संस्कृति और कलाकारों को हरियाणा ही नहीं, विश्व के 50 देशों में अपने हुनर को दिखाने का अवसर मिला है।
जूनियर और सीनियर ख्याली ने किया लोटपोट
इस मोटिवेशनल लाटर शो में मुंबई के प्रसिद्ध एवं लाटर चैलेंज शो के विजेता फिल्मी कलाकार ख्याली ने करीब 1 घंटे से ज्यादा दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया। अपनी कला के माध्यम से कलाकार ख्याली ने जहां दर्शकों का मनोरंजन किया वहीं बीच-बीच में सामाजिक कुरीतियों पर व्यंग कसकर युवा पीढ़ी को जागरूक करने का प्रयास किया। इसके साथ ही युवा हास्य कलाकार मानव ख्याली ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इन्होंने दी प्रस्तुति
कोश्चन डांस ग्रुप और गायिका नेहा चौहान ने हरियाणवी, पंजाबी और हिंदी में गीत प्रस्तुत कर सबको तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। इस प्रस्तुति के बाद कृष्णा ग्रुप के कलाकारों ने महाभारत थीम पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही लूटने का काम किया। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन लोकेश शर्मा ने किया।