कुरुक्षेत्र। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि समाज सेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय देवीदयाल नन्हा ने जहां धर्मनगरी के विकास में अपना योगदान दिया वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में राष्ट्र और समाज हित के मुद्दों को लगातार उठाते रहे। इस प्रकार की पत्रकारिता से समाज को एक नई राह मिलती है। स्वामी ज्ञानानंद शनिवार को राजेंद्र नगर की नगली कुटिया में श्री देवी दयाल नन्हा फाउंडेशन एवं स्थाणु सेवा मंडल के तत्वावधान में स्व. देवीदयाल नन्हा की 20वीं पुण्यतिथि पर आयोजित नि:शुल्क मेडिकल शिविर का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। इससे पहले गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, विधायक सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य ने स्वर्गीय नन्हा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद रिबन काटकर विधिवत रूप से आरोग्य अस्पताल के सहयोग से लगाए गए नि:शुल्क मेडिकल शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान समाज सेवा में अहम योगदान देने वाले समाजसेवियों और पत्रकारिता के क्षेत्र में लोगों की आवाज बुलंद करने वाले पत्रकारों को स्व. देवीदयाल नन्हा की याद में स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आरोग्य अस्पताल के चिकित्सक डॉ.अनुराग कौशल तथा डॉ. नेहा खुनेजा को सम्मानित किया गया। इस मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष कृष्ण धमीजा ने मेहमानों का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्म प्रकाश मनचंदा, प्रोफेसर हिम्मत सिंह सिन्हा, समाजसेवी विजय सभ्रवाल सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन डॉ. शालिनी शर्मा ने किया। इस अवसर पर स्वामी हरिओम परिव्राजक, नगली वाली कुटिया संत संतोषपुरी, दीनानाथ अरोड़ा, अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय सचिव खरैती लाल सिंगला, नगर परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र छिंदा, पवन गर्ग, पवन शर्मा पहलवान, धीरज गुलाटी, प्रदीप झांब, राजकुमार पिंडारसी और अश्वनी अरोड़ा, इत्यादी मौजूद रहे। मेडिकल शिविर में अरोग्य अस्पताल के डॉ. अनुराग कौशल, डॉ. नेहा खुनेजा तथा आयुर्वेदिक अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। इस अवसर पर मरीजों को नि:शुल्क दवाईयां वितरित की।