दिल्ली पुलिस को लेकर सिख समाज में रोष
कुरुक्षेत्र। दिल्ली पुलिस द्वारा गुरु सिख पिता-पुत्र से मारपीट कर दस्तार एवं केसों की बेअदबी करने के विरोध में सिख समाज में रोष पनपने लगा है। इस संबंध में हरियाणा शिरोमणि अकाली दल ने गृह मंत्रालय को पत्र भेजते हुए दोषी पुलिस अधिकारियों पर केस दर्ज करने की मांग की है।
शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता कंवलजीत सिंह अजराना ने दिल्ली पुलिस की बर्बरता पर रोष जताते हुए कहाकि ऐसी किसी भी अमानवीय घटना को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना किसी दोष के दिल्ली पुलिस की टीम द्वारा गुरु सिख पिता-पुत्र से मारपीट कर दस्तार एवं केसों की बेअदबी की गई, जिसे किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
इस घटना के वायरल हुए वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दिल्ली पुलिस किस तरह से गुरु सिख पिता-पुत्र से मारपीट कर दस्तार व केसों की बेअदबी कर रही है। उन्होंने कहा कि यह दुस्साहस करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ धारा-307 व 295ए के तहत केस दर्ज किया जाना चाहिए, तांकि भविष्य में कोई भी अधिकारी ऐसा दुस्साहस न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और केस दर्ज करने में देरी की गई, तो दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तरांचल आदि राज्यों में आंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।