कुरुक्षेत्र। खेतों में ट्यूबवेल से मोटर बाहर निकाल रहे बिजली मैकेनिक सहित तीन लोग हाईटेंशन लाइन(एचटी) की चपेट में आ गए। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि झुलसे दो अन्य की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। दोनाें को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव उमरी निवासी बिजली मैकेनिक रमनदीप (सोनी) और अपने साथी विकास के साथ रविवार की सुबह सतबीर सिंह के गांव सिरसमा स्थित ट्यूबवेल की मोटर को बाहर निकाल रहे थे। इसी बीच खेत से गुजरी 11 हजार वॉल्टेज हाईटेंशन बिजली की लाइन से उनकी मोटर निकालने की मशीन टकरा गई। जिससे तीनों झुलस गए। सूचना पर आनन-फानन में ग्रामीण खेत पहुंचे। तब तक बिजली मैकेनिक रमनदीप दम तोड़ चुका था, जबकि सतबीर व विकास गंभीर रूप से झुलस गए थे।
तीनों को शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी रविंद्र कुमार का कहना है कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक हुआ, जिसमें रमनदीप की मौत हो गई। उसके शव का एलएनजेपी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। घटना को लेकर किसी ने भी कोई शिकायत नहीं दी है, जिसके चलते पुलिस ने इतफाकिया कार्रवाई की है।
रमनदीप के भाई का एक दिन पहले हुआ था एक्सीडेंट
बिजली मकैनिक रमनदीप का भाई रोहित कुमार एक दिन पहले ही सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस बीच रमनदीप की मौत से परिवार वालों पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा। रमनदीप की मौत के बाद गांव में मातम परसा हुआ है। रविवार शाम को गमगीन माहौल में रमनदीप का अंतिम संस्कार किया गया। रमनदीप अपने पीछे माता-पिता, दो भाई व अपनी पत्नी सहित चार वर्षीय बेटे व एक वर्षीया बेटी को छोड़ गया।