लाडवा। लाडवा के उपमंडल कार्यालय परिसर में वीरवार को सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 153 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का मौके पर ही लाभ दिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने बताया कि प्रदेश सरकार सेवा सेतु के माध्यम से प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसका उद्देश्य लोगों को एक ही छत के नीचे सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाना है।
शिविर में सोलर पैनल के 39, पेंशन के 24, लाडो लक्ष्मी योजना के 10 और परिवार पहचान पत्र से संबंधित 22 मामलों का समाधान किया गया। कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद्य एवं आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को मिला। कैलाश सैनी ने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। एसडीएम लाडवा राजेश कुमार सोनी ने बताया कि अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही उनका समाधान किया। इस अवसर पर मार्केट कमेटी लाडवा के अध्यक्ष डॉ. गणेश दत्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।