- प्रसूता और नवजात दोनों की हालत सामान्य, रेल कर्मियों ने दोनों को एलएनजेपी अस्पताल में कराया भर्ती, परिजनों को दी सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। नई दिल्ली से पश्चिमी बंगाल के मालदा शहर जाने के लिए निकली एक गर्भवती महिला गलती से पश्चिमी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गई। ट्रेन के कुरुक्षेत्र पहुंचने से पहले ही उसको प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। रेलवे स्टाफ व यात्रियों की मदद से उसे कुरुक्षेत्र स्टेशन पर उतारा गया। स्टेशन पर उतारे जाने के पांच मिनट बाद स्टेशन आफिसर कक्ष के बाहर ही उसे प्रसव हो गया। रेलकर्मियों ने दोनों को तत्काल एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। जहां प्रसूता और शिशु दोनों सामान्य हैं। रेलवे ने परिजनों को सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की रहने वाली रीटा पत्नी शंटू यादव फिलहाल दिल्ली में रहती है। उसकी ससुराल पटना में है। मंगलवार को रीटा अकेले ही दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची और पश्चिम बंगाल के मालदा जाने वाली ट्रेन का टिकट खरीदा। जल्दबाजी में वो पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गई। कुरुक्षेत्र स्टेशन से कुछ देर पहले ही उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। यात्रियों ने रेलवे स्टाफ को सूचना दी। ट्रेन के कुरुक्षेत्र पहुंचने पर रेलवे स्टाफ ने रीता को स्टेशन पर उतारा और स्टेशन अधीक्षक के कक्ष की ओर ले जाने लगे। एसएस के कक्ष के बाहर ही रीता फर्श पर ढेर हो गई। इसके बाद महिला कर्मचारियों की देखरेख में वहीं पर प्रसव कराया गया। इसके बाद रेल स्टॉफ ने एंबुलेंस बुलाकार प्रसूता और नवजात को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। जहां जच्चा-बच्चा वार्ड में दोनों को भर्ती कर लिया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत सामान्य हैं। वहीं, रेलवे अधिकारियों ने रीता के परिजनों को सूचना भेज दी है।
वहीं, स्टेशन अधीक्षक एसएन गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को भी महिला मरीज के लिये एंबुलेंस बुलाई गई थी,जिसके बाद उसे अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में दाखिल कराया गया। कुरुक्षेत्र में चिकित्सक का कोई पद नहीं है,सिर्फ अंबाला और पानीपत रेलवे स्टेशन पर ही डॉक्टर सेवारत हैं।