कुरुक्षेत्र। अगले सप्ताह स्वच्छता सम्मेलन के लिए शहर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई सौगात देंगे। इसमें कुरुक्षेत्र में बने देश के पहले आयुष विश्वविद्यालय, कुटेल में मेडिकल विश्वविद्यालय, करनाल में फोर लेन बाईपास, पानीपत में युद्घ स्मारक, रेवाड़ी में एम्स निर्माण व झज्जर के राष्ट्रीय कैंसर अस्पताल तथा पंचकूला में आयुष पीजी कालेज का उद्घाटन करेंगे।
शुक्रवार को स्वच्छता समारोह की तैयारियाें का जायजा लेने के लिए प्रदेश के पंचायत राज विभाग के प्रमुख सचिव सुधीर राजपाल व केंद्रीय जल संसाधन व जल स्वच्छता मिशन के अधिकारियों ने मंच व पंडाल स्थल का निरीक्षण किया। मालूम हो कि 12 फरवरी को इसी स्थान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश को स्वच्छता का संदेश देंगे। आयोजन के लिए विशेष तौर पर स्टील के पिलर पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। इस मंच के निर्माण के लिए तीन दिनों से 200 मजदूर इंजीनियरों के निर्देशन पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा कैप्सूल आकार का वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है। जिसमें पंद्रह हजार लोगों के बैठने का इंतजाम है। कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद ने करीब 400 कर्मियों को सड़कों की सफाई के लिए उतार दिया है । वहीं पिहोवा, लाडवा , शाहाबाद नगरपालिकाओं के भी सैकड़ों कर्मचारियों को इस कार्य में लगाया गया है।
देश के विभिन्न राज्यों से 5 हजार स्वच्छता गृही 10 और 11 फरवरी को पहुंच जाएंगी, इनके लिए पुरुषोतमपुरा बाग में हरियाणा पैवेलियन और देर सायं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती उत्तर क्षेत्र सांस्कृति केंद्र पटियाला की तरफ आमंत्रित किए जाने वाले 7 राज्यों के लोक कलाकार देंगे।
यहां-यहां भ्रमण करेंगी स्वच्छतागृही
स्वच्छता शक्ति कार्यक्रम में देशभर से आने वाली स्वच्छता गृहियों को पैनोरमा, ज्योतिसर, महिला पुलिस थाना, कल्पना चावला तारामंडल, हाकी स्टेडियम शाहबाद, भौर सैंयदा मशरुम फार्म, डंगाली बर्मी काम्पोस्ट प्रोजेक्ट, बीड़ सुजरा कचरा प्रबंधन प्रोजेक्ट आदि स्थलों का 11 फरवरी को अवलोकन भी करवाया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने भी इंतजाम जांचे
कार्यक्रम स्थल का विधायक सुभाष सुधा ने भी शुक्रवार को अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा- निर्देश भी दिए। उनके साथ स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, हरियाणा प्रदेश भाजपा के महामंत्री वेद पाल, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, युवा नेता साहिल सुधा भी मौजूद रहे। सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुरुक्षेत्र की धरा पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। यह कार्यक्रम कुरुक्षेत्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा