बिना आई कार्ड नहीं मतदान कर पाएंगे अधिवक्ता
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। बार एसोसिएशन कुरुक्षेत्र के 6 अप्रैल को होने वाले चुनाव के दौरान मतदान के लिए अधिवक्ताओं को अपने साथ बार एसोसिएशन या पंजाब एवं हरियाणा बार कौंसिल का आईकार्ड लाना होगा। यहीं नहीं मतदान के दौरान पोलिंग बूथ के समक्ष हॉल में कोई भी उम्मीदवार अपना बैनर नहीं लगा सकेगा। यह गाइड लाइन वीरवार को चुनाव अधिकारी कंवर विक्रम सिंह, सहायक चुनाव अधिकारी कर्म सिंह राणा व ओमपाल आर्य श्योकंद ने जारी की। इससे पहले उन्होंने एक बैठक की तो वहीं पोलिंग बूथ का जायजा भी लिया। इस दौरान उम्मीदवारों से लेकर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसको लेकर चर्चा की। उन्होंने गाइड लाइन जारी कर अधिवक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि मतदान के दौरान एक ही नाम कई अधिवक्ताओं के होने पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आई कार्ड अवश्य लेकर आना होगा। इसके साथ ही कोई भी पोलिंग एजेंट व चुनाव सहायक अपना मोबाइल प्रयोग नहीं कर सकेगा। उम्मीदवारों को अपने पोलिंग एजेंट के नाम 5 अप्रैल को दोपहर एक बजे तक देने होंगे। गाइडलाईन के अनुसार चुनाव सुबह 9 बजे शुरू होंगे और सांय 4 बजकर 30 मिनट पर संपन्न होंगे, जिसके बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है तो वहीं चुनाव निष्पक्ष , गोपनीय व शांतिपूर्ण से संपन्न करवाए जाएंगे।
प्रधान व खंजाची पद के लिए तिकोना मुकाबला
बार एसोसिएशन चुनाव मैदान में 5 पदों के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए है, जिनमें प्रधान व खंजाची पद के लिए तिकोना मुकाबला होगा। प्रधान पद के लिए पूर्व प्रधान मनोज वशिष्ठ, आरके चौधरी व सौरभ दत्त शर्मा चुनाव मैदान में है तो वहीं उपप्रधान पद के लिए जगजीत सिंह बराड़, जसविंद्र पाल, संजीव धवन व वैभव शर्मा ने ताल ठोकी हुई है। सचिव पद के लिए अजय तनेजा व धर्मेंद्र नरवान तथा सहसचिव के लिए अमित भौरिया व साहब सिंह उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे हुए है । कोषाध्यक्ष पद के लिए ईशान गोयल, जयपाल सिंह व पवन कुमार के बीच जंग होगी। सभ उम्मीदवारों ने अपने-अपने स्तर पर जीत के लिए भरसक प्रयास किए हुए है और सभी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे है।