अधिवक्ताओं के चैंबर्स को नियमित कर सौंपा मालिकाना हक
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
बार एसोसिएशन परिसर में नववर्ष के उपलक्ष्य में खास समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अरुण कुमार त्यागी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश शालिनी सिंह नागपाल, सभी न्यायिक अधिकारी, डीसी सुमेधा कटारिया, एसपी अभिषेक गर्ग, एसडीएम थानेसर वत्सल वशिष्ठ, जिला अटॉर्नी राजबीर सिंह, रेडक्रॉस सोसायटी सचिव कुलबीर मलिक विशेष तौर पर आमंत्रित किए गए। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष मनोज वशिष्ठ, उपप्रधान सहदेव रढान, महासचिव संदीप मदान, सहसचिव रेखा तथा कोषाध्यक्ष अंकुर सूरी आदि अधिवक्ताओं ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ से सम्मानित कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। रजिस्ट्रार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश और डीसी ने अधिवक्ता सदन में निर्मित चैंबर की किराया प्रक्रिया को समाप्त कर शेष निर्मित चैंबर्स को नियमित करके सभी अधिवक्ताओं को मालिकाना हक सौंपा। इसके साथ ही अधिवक्ता सदन के साथ पार्क के नवीनीकरण की उद्घोषणा और अनावरण किया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुभाष शर्मा, आत्मप्रकाश मनचंदा, अशोक भारद्वाज सहित जगरूप सिंह आदि मौजूद रहे।