कुरुक्षेत्र। अब आयुष्मान भारत के तहत सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल में लाभार्थियों के नि:शुल्क ऑपरेशन हुए। पहले दिन चिकित्सकों ने 15 लोगों के ऑपरेशन किए। इसमें 14 मोतियाबिंद के ऑपरेशन व एक सिजेरियन डिलीवरी हुई। आयुष्मान नोडल अधिकारी डॉ. रमेश सभरवाल ने बताया कि मंगलवार को 15 मरीजों के ऑपरेशन किए जाएंगे। मरीजों की सुविधा के लिए जिला नागरिक अस्पताल में पहली बार सर्जिकल शिविर लगाया गया है। विभाग 17 से 22 नवंबर तक शिविर लगाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान लाभार्थियों के लिए कुछ सर्जिकल पैकेज सरकारी अस्पताल में शुरू किए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्राइवेट अस्पतालों में ही नि:शुल्क इलाज किया जा रहा था। शिविर में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थी अब अपने घुटने, कूल्हे, आंखों के मोतियाबिंद व पेट संबंधित बीमारी का ऑपरेशन करवा सकेंगे।