पानीपत। थाना सनौली क्षेत्र के रिशपुर गांव में जमीन पर कब्जा करने के लिए किसान और पुलिस पर फायरिंग के मामले में 14वां आरोपी गिरफ्तार हुआ है। सीआईए-3 पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम को आरोपी रामरत्न निवासी गांव मवी शामली को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि पुलिस मामले में जुनैद और उसके गैंग से जुड़े 13 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सीआईए-3 प्रभारी विजय ने बताया कि 16 जून को रिसालू निवासी नरेंद्र ने थाना सनौली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि रिशपुर में उसने 11 एकड़ जमीन खरीदी थी। जिस पर रमेश, रामरत्न, गुरदीप, दीपक, राजेश, अमित कब्जा करना चाहते थे। 16 जून को वह खेत में पहुंचा तो आरोपियों ने अपने 20-25 अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के ऊपर भी फायरिंग की गई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में यूपी के गैंगस्टर जुनैद समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को सीआईए-3 की टीम ने 14वें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। संवाद