अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
भारतीय किसान यूनियन के अल्टीमेटम के बाद भी 5 जून को सूरजमुखी की सरकारी खरीद शुरू न होने पर सोमवार को अनाज मंडी में धरने पर बैठे किसान बिफर पड़े। प्रशासन से बातचीत में कोई हल न निकलने के बाद किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे जाम करने का ऐलान कर दिया और मंडी से लाडवा रोड की ओर चल दिए। इस बीच डीएसपी जगदीश राय और सिक्योरिटी इंस्पेक्टर रामकुमार के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने पहले अनाज मंडी गेट को रस्सों व बैरियर लगा कर बंद कर दिया। इसके बाद सभी किसान बैरिकेट को तोड़ते हुए आगे बढ़ने लगे। पुलिस बैरिकेट को भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढ़ुुनी ने ट्रैक्टर से रौंद कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने इसे सफल नहीं होने दिया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते हलके लाठीचार्ज की नौबत आ गई, जिसमें कई किसानों के अलावा डीएसपी जगदीश राय और कई पुलिस कर्मी भी जख्मी हुए हैं।
हालांकि किसानों और भाकियू नेताओं के यह तेवर देख पुलिस लाचार नजर आई और पुलिस अधिकारी गुरनाम सिंह चढुनी से प्रार्थना करते देखे गए। यह संघर्ष करीब एक घंटे तक चला। भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढुनी सहित सैकड़ों किसान सड़क जाम करने की जिद पर अड़े रहे और आलू से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर लाडवा रोड पर चढ़ गए। सिक्योरिटी इंसपेक्टर रामकुमार सहित पुलिस कर्मचारियों ने गुरनाम सिंह के ट्रैक्टर ट्राली को घेर लिया और लाडवा रोड से आगे नहीं बढ़ने दिया। भाकियू नेता गुरनाम सिंह सहित अन्य किसानों ने आलू से भरी ट्रालियां सड़क पर फेंक दी और लाडवा रोड जाम कर दिया। हालांकि पुलिस प्रशासन किसानों को सड़क से हटने का निवेदन करता रहा, लेकिन किसान अपनी जिद पर अड़े रहे। किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक सूरजमुखी की खरीद शुरू नहीं होती तब तक वह सड़क से नहीं हटेंगे। डीएसपी जगदीश राय व सिक्योरिटी इंस्पेक्टर तब तक गुरनाम सिंह के ट्रैक्टर के आगे अड़े रहे जब तक गुरनाम सिंह ट्रैक्टर से नीचे नहीं उतरे। ट्रैक्टर से उतरने के बाद किसानों ने लाडवा रोड जाम कर दिया।
----------------------
यह है मामला
भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सूरजमुखी की सरकारी खरीद की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने 1 जून को शाहाबाद अनाज मंडी में धरना दिया था। जिस पर प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि 5 जून तक सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। गुरनाम सिंह ने कहा कि किसानों ने अल्टीमेटम दिया था कि अगर 5 को सरकारी खरीद शुरू न हुई तो किसान सड़क जीटी रोड जाम करेंगे।
-------------
एसडीएम से बातचीत पर नहीं निकला हल
आंदोलन से पूर्व भाकियू के प्रतिनिधि मंडल ने गुरनाम सिंह के नेतृत्व में एसडीएम सतबीर कुंडू से बातचीत की लेकिन एसडीएम कोई संतोष जनक जवाब नहीं दे सके। करीब 1 घंटा भर चली किसानों व प्रशासन की बातचीत खाली रही। जिस पर करीब सवा एक बजे किसान अनाज मंडी से सड़क की ओर चल दिए और रास्ते में फिर पुलिस से धक्का मुक्की हुई।
-------------------
9 अगस्त को किसान करेंगे पूरे देश में चक्का जाम : गुरनाम सिंह
बाबैन (ब्यूरो)। भाकियू के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ू़ुनी ने कहा कि पूरे देश के किसान अपने-अपने क्षेत्र मे 9 अगस्त को इकट्ठा होकर हाईवे पर दोपहर 1 से 3 बजे तक चक्का जाम करेंगे। चढ़ुुनी ने इस क्षेत्र के किसानों को हाईवे पर मोहड़ा अनाज मंडी में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की। गुरनाम सिंह चढुनी गांव संघौर की चौपाल में किसानों की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उपस्थित किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कारपोरेट सेक्टर को पिछले एक साल में 6 लाख 40 हजार रुपये की राहत केंद्र सरकार द्वारा दी गई है अगर यह राशि पूरे देश के किसानों में बांटी जाए तो एक भी किसान कर्जदार नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि इस समय किसान मजदूर की हालत जहां दयनीय हो गई है वही छोटे दुकानदार व छोटे उद्योग बंद होने के कगार पर है अगर यही हालात रहा तो आने वाले 20 साल मे किसान खेती छोड़ देगा।