गेहूं के कट्टों का उठान न होने से अनाज मंडी में आई प्याज उतारने की समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन। अनाज मंडी में गेहूं के कट्टों का उठान धीमी गति के होने के कारण प्याज उतारने की समस्या पैदा हो गई है। जिसको लेकर आढ़तियों व किसानों में भारी रोष व्याप्त हो रहा है। अनाजमंडी के प्रधान लाभ ङ्क्षसह अंटाल, बलिहार सिंह, सुखश्याम, मलकीत बरगट, डिंपल सैनी, पवन , तरसेम संघौर, किमती लाल खुराना, कृष्ण गोयल, राजेश छलौंदी, विनोद सिंगला, ओम प्रकाश बुहावी, अवतार सिंह का कहना है कि बाबैन अनाज मंडी में गेहूं की खरीद एजेंसी हरियाणा एग्रो व हैफेड द्वारा की जा रही है, लेकिन दोनों एजेंसियों द्वारा गेहूं के कट्टों का उठान बहुत धीमी गति से होने के कारण पूरी मंडी में गेहूं के कट्टों के अंबार लगे हुए हैं, जिसके कारण मंडी में किसानों को प्याज उतारने की समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि अभी तो प्याज की आवक शुरू हुई है और अगर उठान तेजी से नहीं हुआ तो आने वाले समय में स्थित और अधिक गंभीर होगी। आढ़तियों व किसानों की प्रशासन से मांग है कि गेहूं का उठान तेजी से करवाया जाए, ताकि प्याज को उतारने में दिक्कत का सामना न करना पड़े।
गेहूं उठान न होने से आई समस्या: प्रधान
मंडी प्रधान लाभ सिंह अंटाल का कहना है कि गेहूं का उठान धीमी गति होने के कारण प्याज गिरने की समस्या आ रही है और इस समस्या के बारे में खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को भी अवगत करवा चुके हैं, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। आढ़तियों व किसानों ने सरकार से मांग कि है कि गेहूं के कट्टों का उठान जल्द से जल्द करवाया जाए।