अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। .
अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती का आगाज शुक्रवार को क्राफ्ट मेले से होगा,जिसका उद्घाटन हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे। पुलिस-प्रशासन इस विराट उत्सव के प्रबंधों में जुटा है। हालांकि अभी तक ब्रह्मसरोवर व इसके इर्दगिर्द स्थित मेला क्षेत्र में निर्माण,पेंट और रिपेयर के अलावा आधे-अधूरे इंतजाम ही संभव हुए हैं। क्राफ्ट मेले में स्टाल लग चुके हैं। शुक्रवार को इस मेले का स्वरुप जनता के सामने होगा। इधर वीरवार को प्रदेेश के मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने केडीबी कार्यालय के सभागार में गीता महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। इससे पहले उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने गत वर्ष गीता महोत्सव को लेकर किए गए प्रबंधों और वर्तमान में किए जा रहे प्रबंधों तथा कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इतना ही नहीं मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने गीता महोत्सव की तैयारियों को लेकर अन्य विभागों के अधिकारियों से भी फीडबैक हासिल की । मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने और सडक़ों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने हैलीपैड व्यवस्था, जीओ गीता संस्थान में शिलान्यास कार्यक्रम, राष्ट्रपति के लिए जलपान व्यवस्था, केयू आडोटोरियम हाल में मंच की व्यवस्था के लिए भी पुख्ता प्रबंध करने के आदेश दिए। उन्होंने केयू में 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार व ब्रहमसरोवर पर राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की व्यवस्था करने के आदेश दिए । मुख्य सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति 25 नवंबर को ब्रह्मसरोवर से गीता यज्ञ और पाठ से विधिवत रुप से गीता महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। मुख्य सचिव डीएस ढेसी, डीजीपी बीएस संधू, विधायक सुभाष सुधा, गृह सचिव एसएस प्रसाद, गीता महोत्सव के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ आईएस अधिकारी डा. केके खंडेलवाल ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर ब्रह्मसरोवर के पुरुषोतमपुरा बाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आडोटोरियम हाल और यूनिवर्सिटी खेल प्रागंण में बनने वाले हैलीपैड सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों का बारीकि से निरीक्षण किया और मौके पर ही अधिकारियों को प्रोटोकॉल के अनल्ुसार तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए। गीता महोत्सव के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ आईएस अधिकारी डा. केके खंडेलवाल ने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर अधिकारियों की डयूटियां लगाई जाएंगी। जिन अधिकारियों की डयूटियां लगाई जाएंगी वे अधिकारी कार्यक्रम के तमाम इंतजाम करना सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर ढेसी ने केडीबी कार्यालय में कुरुक्षेत्र के 48 कोस तीर्थो के दर्शन के लिये फोटो गैलरी का उद्घाटन किया।
बाक्स
घुड़सवार करेंगे राष्ट्रपति के काफिले की आगुवाई-डीसी
-----------------------------------------------
उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि गीता महोत्सव में 25 नवंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का ब्रहमसरोवर पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा और घुड़सवार काफिले की अगुवाई करेंगे और पुलिस और स्कूली बैंड अपनी धुनों से वातावरण को महोत्सवमयी बनाने का काम करेंगे। इस दौरान हरियाणा के लोक कलाकार प्रदेश की प्राचीन संस्कृति को दर्शाने का प्रयास करेंगे। प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बाक्स
बैठक में यह अधिकारी हुए शामिल
---------------------------------
इस मौके पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद मोहन शरण, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पीके दास, राज्यपाल के सचिव एवं केडीबी के सदस्य सचिव अमित अग्रवाल, आईजी अम्बाला रेंज एवं एडीजीपी डा. आरसी मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, केडीबी के मानद सचिव अशोक सुखीजा, एडीसी धर्मवीर सिंह, एसडीएम वत्सल कौशिक, एसडीएम शाहबाद सतबीर कुंडू, सीईओ केडीबी पूजा चांवरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।