नमाज पढ़कर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी
बकरीद पर मुस्लिम समाज के लोगों में विशेष उत्साह
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। बकरीद का पर्व शनिवार को जिलेभर में स्थित मस्जिदों में मनाया गया। इसको लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में विशेष उत्साह बना रहा। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर त्योहार की बधाई दी। मस्जिदों में नमाज अदा कर देश में अमन-चैन की दुआ की गई।
धर्मनगरी में मुख्य रूप से चीनी मस्जिद व पिपली स्थित मस्जिद में पर्व को लेकर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जबकि लाडवा, इस्माईलाबाद, पिहोवा, ठोल आदि मस्जिदों में भी इस पर्व की धूम रही। मस्जिदों में सुबह 8 बजे विशेष नमाज पढ़ी गई तो वहीं मुस्लिम समाज के हजारों लोगों ने एक- दूूसरे के गले मिलकर बधाई दी। इस पर्व के माध्यम से भाईचारे व आपसी प्रेम का संदेश दिया गया तो समाज व देश की भलाई की कामना भी की गई। चीनी मस्जिद के इमाम सगीर अहमद ने बताया कि यह दिन बेहद ही खास दिन होता है और इस दिन विशेष नमाज पढ़ी जाती है। इस दिन आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश हर व्यक्ति देता है और सभी की भलाई की कामना की जाती है। इस पर्व को लेकर मस्जिदों में विशेष तैयारियां की जाती है और समाज के लोगों में पर्व के चलते विशेष उत्साह बना रहता है।