नियम 134-ए के तहत निजी स्कूलों में ईडब्ल्यूएस और गरीब बच्चों को दाखिला दिए जाने को लेकर शुरू हुई रार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बच्चे और उनके परिजन अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं। कई बच्चों का मामला जिला उपायुक्त दरबार में अटका हुआ है तो वहीं कई अभिभावकों ने अब शिक्षा मंत्री के समक्ष इस मामले को उठाने का मन बना लिया है। अब शिक्षा अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि जिन बच्चों का दाखिला नहीं हुआ है, उन्हें बुधवार (आज) दाखिला दिला दिया जाएगा।
बता दें कि शिक्षा विभाग ने उक्त नियम के तहत गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलाने के लिए 3 जुलाई को दोबारा परीक्षा ली थी। इसके बाद 8 जुलाई को परिणाम घोषित किया गया तो 11 जुलाई को ड्रा निकाल बच्चों को स्कूल आवंटित कर दिए गए। हालांकि उसी दिन से ही अधिकारियों ने इन बच्चों के दाखिले आवंटित हुए स्कूलों में करवाए जाने का दावा किया था, लेकिन दर्जनों अभिभावक आज भी अपने बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए स्कूलों व अधिकारियों के बीच चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि कई स्कूलों ने संबंधित बच्चों को दाखिला भी दिया, लेकिन कई स्कूलों ने स्पष्ट इनकार भी कर दिया है।
डीसी के निर्देश भी हवाई हुए साबित
बच्चों के दाखिले न हो पाने पर जब शिक्षा विभाग के अधिकारियों से लगाई गुहार का भी कोई परिणाम नहीं आया तो कई अभिभावकों ने चार दिन पहले डीसी के समक्ष गुहार लगाई। इस पर डीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उक्त नियम के तहत क्वालीफाई सभी बच्चों को दाखिला दिलाने के निर्देश दिए, लेकिन ये भी हवाई ही साबित हुए।
स्कूल नहीं माने तो विकल्प ढूंढने लगे अधिकारी
सूत्रों के अनुसार कई स्कूल प्रबंधकों ने उक्त नियम के तहत बच्चों को दाखिला देने से जब इनकार कर दिया तो कई अधिकारी भी इनके आगे बौने दिखाई पड़ रहे हैं। अधिकारी अब अभिभावकों को इन स्कूलों को छोड़ दूसरे स्कूलों में दाखिले के लिए राजी करने लगे हैं।
-----
उतरेंगे सड़कों पर, शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाएंगे मामला
अभिभावक महेंद्र पाल, विजय कुमार, मुकेश, श्याम कौर, भजन लाल, विनोद कुमार, राजीव कुमार सहित अन्य अभिभावकों ने बताया कि वे एक सप्ताह से अधिक समय से निजी स्कूलों व अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनके बच्चों के भविष्य को लेकर कोई भी गंभीर नहीं है। वह कई बार अधिकारियों को गुहार लगा चुके है और मंगलवार को भी दिन भर विभिन्न अधिकारियों को गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी भी अधिकारी ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया। उन्होंने बताया कि वह बुधवार को फिर डीसी को मिलेंगे और इसके बाद भी कोई समाधान नहीं हो पाया तो वह प्रदेश के शिक्षा मंत्री के समक्ष यह मामला उठाने व सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे
----
आज करवा देंगे दाखिले : डीईओ
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. परमजीत शर्मा का कहना है कि अधिकतर बच्चों के दाखिले हो चुके हैं और जिन बच्चों को दाखिला नहीं मिला है, उन्हें बुधवार को दाखिला दिलवा दिया जाएगा।