फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

134-ए को लेकर सख्त हुआ शिक्षा विभाग

Thu, 19 May 2016 12:45 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो/कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
नियम 134-ए के तहत गरीब बच्चों को दाखिला देने से आनाकानी की व अनावश्यक दस्तावेज मांगे तो निजी स्कूलों की खैर नहीं होगी। यह चेतावनी इन स्कूलों को शिक्षा विभाग ने दी है, जिसके लिए विभाग ने जिलेभर के लगभग 170 स्कूलों को नोटिस भी जारी कर दिए हैं। उक्त नियम के तहत गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिए जाने को लेकर शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। जिसके चलते विभाग ने बुधवार को बड़ा कदम उठाया। हालांकि इन बच्चों को दाखिला दिए जाने को लेकर अभी स्कूल संचालक यूनियन व सरकार के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और कई बार बातचीत होने के बावजूद भी कोई परिणाम सामने नहीं आया है। अब अगले सोमवार को फिर इन स्कूल संचालकों व सरकार के बीच वार्ता होनी है। इसमें क्या परिणाम निकलकर आएंगे, यह तो उसी दौरान ही पता चल पाएगा, लेकिन शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों पर सख्ती करने के संकेत दे दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सभी स्कूलों को नोटिस जारी किए है, जिसमें स्पष्ट विवरण मांगा गया है कि विभाग को नियम 134-ए के तहत विभाग की ओर से भेजी गई लिस्ट अनुसार कितने बच्चों को दाखिला दिया गया। इसका विवरण तत्काल विभाग को दिया जाए। यहीं नहीं यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन बच्चों के अभिभावकों से अनावश्यक दस्तावेज मांगे गए या फिर दाखिला देने में किसी दूसरी वजह से आनाकानी की तो विभाग की ओर से संबंधित स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों को जारी किए गए नोटिस की एक प्रति जिला उपायुक्त को भी दी गई है।
विज्ञापन


पात्र बच्चों को अवश्य दाखिला दिलाया जाएगा : डीईओ
जिला शिक्षा अधिकारी परमजीत शर्मा का कहना है कि पात्र बच्चों को दाखिले से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सभी बच्चों को अवश्य ही दाखिला दिलवाया जाएगा, जिसके लिए स्कूलों को नोटिस भेजकर भी स्पष्ट कर दिया गया है। नियम की अवहेलना कर दाखिला न देने वाले स्कूल के खिलाफ विभाग अवश्य ही कार्रवाई करेगा।

सरकारी व निजी स्कूलों प्रतिनिधियों की ली बैठक
ब्लॉक थानेसर व शाहबाद के सरकारी व निजी स्कूलों के प्रिंसिपल, संचालक और प्रतिनिधियों की जिला शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को बैठक ली। थानेसर ब्लॉक की बैठक आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ली गई जबकि शाहबाद में आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बैठक की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की अपील की तो वहीं निजी स्कूलों को नियम 134-ए के तहत सभी पात्र बच्चों को दाखिला दिए जाने का आह्वान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें