जहां तीन दिनों से नहीं उठा कूड़ा, उस शहर से देश को पीएम देंगे स्वच्छता का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी से पीएम मोदी 12 फरवरी को पूरे देश को स्वच्छता का संदेश देंगे, लेकिन यहीं पर कचरे की समस्या गहरा सकती है। पिछले तीन दिनों से नगर परिषद के डंपर घर-घर नहीं पहुंच पा रहे है तो वहीं बारिश के चलते गांव मुकिमपुरा में बनाए गए डंपिंग जोन पर रास्ता खराब होने के बाद कचरे से भरे डंपर खाली नहीं हो पा रहे है। हालांकि नप अधिकारी रविवार को डंपर खाली होने के दावे कर रहे है, लेकिन अगले एक - दो दिन तक डंपर खाली नहीं हो पाए तो शहर में कचरे की समस्या गहराने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पीएम के कार्यक्रम के चलते नगर परिषद ने अपने सभी अधिकारियों को क्षेत्र अनुसार सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए डयूटी सौंपी है, जिसके चलते शहर की मुख्य सड़कों से कचरे के ढेर हटे है, लेकिन अगले डंपिंग जोन पर रास्ता सही न हो पाने पर डंपर खाली न होने से नप अधिकारियों की सांसे फूली हुई है।
स्वच्छ शक्ति समारोह में देश भर से 5 हजार व हरियाणा से 15 हजार स्वच्छता गृही पहुंचेंगे, जो धर्मनगरी का भ्रमण भी करेंगे। ऐसे में कचरे की समस्या गहराई तो यहां से स्वच्छता का संदेश विपरित ही जाएगा। नगर परिषद ने पीएम के कार्यक्रम को लेकर 600 सफाई कर्मी सड़कों पर उतारे है। नप के 90 स्थाई व करीब 310 अस्थाई कर्मियों के साथ-साथ पिहोवा-लाडवा व शाहाबाद से भी सैंकड़ों सफाई कर्मियों को विशेष तौर पर बुलाया गया है। यहीं नहीं नप ने कार्यक्रम के चलते 100 अस्थाई कर्मी भी निजी तौर पर लगाए है।