अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
अमर उजाला और बंसल क्लासेज कोटा की ओर से गुरुकुल कुरुक्षेत्र में सोमवार को जीनियस ब्रिगेड परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें जिले भर से सैकड़ों विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह व जनून के साथ भाग लिया। परीक्षा में शामिल विद्यार्थी मेडल व सर्टिफिकेट पाकर खुशी से झूम उठे और बोले की हम बनेंगे जीनियस। इसके साथ ही कांउसलिंग के जरिए विद्यार्थियों को करियर संबंधित टिप्स दिए, जिन्हें जानकर भी विद्यार्थियों में उत्साह व खुशी का ठिकाना न रहा। सभी विद्यार्थियों ने अमर उजाला व बंसल क्लासेज का दिल से आभार जताया। परीक्षा में एक दर्जन से भी ज्यादा स्कूलों के करीब 700 विद्यार्थी शामिल रहे। जीनियस ब्रिगेड परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे शुरू की गई। एक घंटे की इस परीक्षा में 12 स्कूलों के बच्चे शामिल हुए। परीक्षा में विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, गणित व रिजनिंग आदि के प्रश्र पूछे गए। विद्यार्थियों ने प्रश्रों का ओएमआर शीट पर जवाब दिया। इस दौरान जिला उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की जबकि वशिष्ठ अतिथि के तौर पर गुरुकुल निदेशक कर्नल अरूण दत्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुकुल के प्रधान कुलवंत सैनी ने की। मुख्यातिथि सुमेधा कटारिया ने बच्चों को मेडल व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
एक्सपर्ट ने कांउसलिंग में दिए करियर के टिप्स
जीनियस ब्रिगेड परीक्षा के बाद बंसल क्लासेज कोटा के एक्सपर्ट अनुराग कुमावत, राहुल कौशिक व चंडीगढ़ हेड बलविंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को करियर को बनाने को लेकर टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि बच्चे किस तरह से ऐसे प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़कर अपने करियर को बुलंदी तक ले जा सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि बंसल क्लासेज ऐसे लोगों को विशेष सहयोग करता है, जिनमें टैलेंट तो है, लेकिन पैसे की कमी के कारण वे आगे नहीं बढ़ पाते। उन्होंने बच्चों को मोटिवेशनल कहानियों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें बंसल क्लासेज की सफलता के बारे में भी जानकारी दी। गुरुकुल कुरुक्षेत्र के प्रधान कुलवंत सैनी ने बच्चों को विशेषज्ञों द्वारा करियर को लेकर दी गई जानकारी को उनके जीवन के लिए बेहद अहम बताया और कहा कि अगर सही समय में बच्चों को सही मार्ग दर्शन मिले तो वे अपना लक्ष्य हासिल कर पाने में अधिक समक्ष हो जाते है। उन्होंने कहा कि अमर उजाला बच्चों की ज्ञान की नींव को मजबूत करने में लगा है। इससे बच्चों को खुद का आंकलन करने का मौका मिल रहा है।
अमर उजाला व बंसल क्लासेज ने की सराहनीय पहल : सुमेधा
मुख्यातिथि जिला उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि अमर उजाला और बंसल क्लासेज विद्यार्थियों के सपनों को पंख देने के लिए ऐसे कार्यक्रम व परीक्षा का आयोजन कर बेहद सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह ऐसी स्टेज है, जिसमें उन्हें जैसी कांउसलिंग दी जाए वे उसी राह आगे बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों के साथ हमारे सपने जुड़े होते है। बहुत से बच्चे ऐसे होते है जो ज्ञान तो बहुत रखते है, लेकिन करियर की उचित परख कर सही दिशा का चयन नहीं कर पाते। माता-पिता बच्चों के सपनों को पूरा करने में सहयोग करते हैं तो शिक्षक उसके लिए भरसक मेहनत करते हैं। ऐसे में इस प्रकार के कार्यक्रमों का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। ये कार्यक्रम बच्चों को करियर के चुनाव में मार्गदर्शन का काम करते हैं। कार्यक्रम में पहुंचने पर बंसल क्लासेज कोटा के एक्सपर्ट राहुल कौशिक ने मुख्यातिथि का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इसी प्रकार एक्सपर्ट राहुल कुमावत व बंसल क्लासेज चंडीगढ़ हेड बलविंद्र सिंह ने प्रधानाचार्य व उपस्थित लोगों को स्वागत किया। अंत में गुरुकुल प्रधान कुलवंत सैनी ने अमर उजाला व बंसल क्लासेज कोटा का आभार जताया। इस मौके पर गुरुकुल स्टाफ मौजूद रहा।