छात्रों को दी इंटरव्यू और कॅरियर की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
डीएवी कॉलेज में चल रही तीन दिवसीय लीडरशिप एंड टीम बिल्डिंग वर्कशॉप का शनिवार को समापन हुआ। इसमें छात्रों को इंटरव्यू और कॅरियर संबंधी टिप्स दिए गए। मुख्य अतिथि यूथ आइकॉन तरुण झा और विशेष अतिथि मनोज पाठक ने कहा कि शिक्षा के बाद कॅरियर का चुनाव करते समय ही युवाओं की असली परीक्षा होती है। इंटरव्यू से शैक्षणिक योग्यता का ही नहीं, बल्कि बोलने की कला, भाषा पर पकड़ और काम के प्रति समर्पण का भी आंकलन होता है। प्रिंसिपल कामदेव झा ने बताया कि खुद से बड़ा कोई प्रेरणा स्रोत नहीं होता। इसलिए अपनी झिझक को दूर करके अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचाने। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। इस दौरान श्री श्री रविशंकर द्वारा स्थापित आईएचपी संस्था के तत्वावधान में प्रशिक्षिका कंचन सेठ ने छात्रों को रिज्यूम तैयार करने से लेकर इंटरव्यू के समय ड्रेस कोड, भाषा पर नियंत्रण, शब्दावली के प्रयोग और बॉडी लैंग्वेज की जानकारी दी। समापन पर छात्रों ने रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस मौके पर प्रो. अजय मोहन, डॉ. मेजर सिंह, मनोज पाठक, पीयूष पसीजा, रजनी, नेहा, रजनी, दीपक, अंकित आदि मौजूद रहे।